उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद में ईरान-इजरायल युद्ध के चलते पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह उड़ रही है, जिसके चलते अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर बड़ी संख्या में वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गयीं. लोग बाइक-कार का टैंक फुल कराने के साथ एक्स्ट्रा डिब्बों में भी तेल भरवा रहे हैं, जिससे पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया है.
स्थिति देख डीएम ने लोगों से ऐसी अफवाहों पर यकीन न करने की अपील की है. उनके मुताबिक जिले में सबकुछ सामान्य है, इसके अलावा जनपद के पंप संचालकों ने भी कमी की बात से नकारा है.
इन जगहों पर दिखी अफरा-तफरी
जनपद में यह अफवाह फैलते ही महमूदाबाद, रामपुर मथुरा और अन्य क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं. लोग बाइक, कार और अन्य वाहनों के फ्यूल टैंक फुल कराने के साथ-साथ अतिरिक्त डिब्बों में ईंधन भरवाने पहुंचे. कई जगहों पर मारामारी की स्थिति भी देखी गई.
‘नीतीश कुमार की राजनीति खत्म कर किया किनारे’, यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय का BJP पर हमला
पंप संचालकों का दावा पर्याप्त भंडार
पेट्रोल पम्पों पर स्थिति देख पेट्रोल पंप संचालकों ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है. सभी पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सामान्य आपूर्ति जारी है. अफवाह फैलाने वाले लोगों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
डीएम डॉ. राजा गणपति आर की अपील
इस तरह की अफवाहों के बढ़ने पर खुद डीएम डॉ. राजा गणपति आर आगे आए, उन्होंने वीडियो जारी कर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. उन्होंने कहा, “पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है. प्रशासन पूरी निगरानी रख रहा है और स्थिति सामान्य है. अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. कृपया शांति बनाए रखें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं.”
यहां बता दें कि अफवाह के चलते वाहन चालकों में डर का माहौल है कि युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और कीमतें आसमान छू सकती हैं. इस तरह की खबरें और भी कई शहरों में भी सामने आई हैं.