Skip to content

Sirohi News: दिनदहाड़े ज्वैलर से लूट, 80 वर्षीय व्यापारी से सोना-चांदी और नकदी छीनकर भागे बदमाश

सिरोही के शिवगंज कस्बे में शनिवार (14 मार्च) सुबह दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से बाजार में हड़कंप मच गया. बाइक सवार दो बदमाशों ने 80 वर्षीय ज्वैलर से सोना-चांदी और नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.

दुकान खोलने जा रहे थे ज्वैलर

जानकारी के अनुसार शिवगंज निवासी 80 वर्षीय हिम्मतमल सोनी शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी ज्वैलरी की दुकान खोलने के लिए घर से निकले थे. उनके हाथ में एक बैग था, जिसमें लगभग 4 किलो चांदी, सोने के जेवर, करीब 15 हजार रुपए नकद और कुछ जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे.

जैसे ही वह अपनी दुकान के पास पहुंचे, तभी अचानक बाइक पर सवार दो युवक वहां आ गए और उन्होंने झपट्टा मारकर उनके हाथ से बैग छीन लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम दे दिया. इससे पहले कि ज्वैलर कुछ समझ पाते या आसपास के लोग मदद के लिए आगे आते, दोनों आरोपी तेजी से बाइक लेकर मौके से भाग निकले.

घटना के बाद ज्वैलर हिम्मतमल सोनी काफी घबरा गए और उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. देखते ही देखते बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई.

मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच

लूट की सूचना मिलते ही शिवगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने पीड़ित ज्वैलर से पूरी घटना की जानकारी ली और आसपास मौजूद दुकानदारों व लोगों से भी पूछताछ की.

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पुष्पेंद्र वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश

पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जवाई नदी की कच्ची रपट की तरफ भागे और वहां से सुमेरपुर की दिशा में फरार हो गए. पुलिस ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.

व्यापारियों में आक्रोश

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद शिवगंज के व्यापारियों में काफी आक्रोश है. खासकर ज्वैलरी कारोबार से जुड़े व्यापारियों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है. व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

पुलिस ने इस लूटकांड के बाद आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है. टीम अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *