मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में इन दिनों अफवाहों का खतरा खुलकर सामने आ गया है. बीते दिनों दो अलग-अलग घटनाओं में फैली अफवाहों ने ऐसा माहौल बना दिया कि देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और हंगामा, तोड़फोड़, आगजनी और बवाल तक की नौबत आ गई. अब सिंगरौली पुलिस इन घटनाओं के बाद लोगों को जागरूक करने के लिए एक अनोखा और असरदार तरीका अपना रही है.
मजदूर की मौत पर फैली अफवाह
हाल ही में सिंगरौली में एक कंपनी में काम करने वाले मजदूर की मौत के बाद अचानक अफवाहों का दौर शुरू हो गया. खबर फैल गई कि मजदूर की मौत ऊंचाई से गिरने की वजह से हुई है और घटना को छिपाने की कोशिश की जा रही है.
यह खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग कंपनी परिसर के बाहर इकट्ठा हो गए. गुस्साई भीड़ ने जमकर हंगामा किया, आगजनी की और तोड़फोड़ की. हालांकि बाद में जांच में सामने आया कि मजदूर की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई थी लेकिन तब तक अफवाह अपना असर दिखा चुकी थी और नुकसान हो चुका था.
दूसरी घटना ने भी बढ़ाई चिंता, भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा
ऐसी ही एक और घटना में भी अफवाहों ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. इस बार भी पुलिस को हालात संभालने के लिए मौके पर भारी बल तैनात करना पड़ा. इन दो घटनाओं ने साफ कर दिया कि अफवाहें कितनी तेजी से फैलती हैं और एक झूठी खबर किस तरह बड़े विवाद की वजह बन सकती है.
पुलिसकर्मी आशीष बागरी ने गीत से दिया जागरूकता का संदेश
इन्हीं घटनाओं के बाद सिंगरौली पुलिस ने एक अनोखा अभियान शुरू किया है. पुलिसकर्मी आशीष बागरी ने अफवाहों के खिलाफ गीत गाकर लोगों को संदेश दिया है कि बिना पुष्टि के किसी भी खबर पर भरोसा न करें और उसे आगे न बढ़ाएं. गीत के जरिए यह समझाने की कोशिश की जा रही है कि एक छोटी सी अफवाह कभी-कभी बड़े बवाल की वजह बन जाती है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ गीत, लोग कर रहे हैं सराहना
पुलिसकर्मी का यह जागरूकता गीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. कई लोग इस पहल की सराहना कर रहे हैं और इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बता रहे हैं. सिंगरौली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की खबर पर भरोसा करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें.
अगर कोई भ्रामक सूचना सामने आए तो उसे आगे फैलाने के बजाय पुलिस को सूचित करें. सिंगरौली की इन घटनाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अफवाहें सिर्फ खबर नहीं होतीं बल्कि कई बार वही सबसे बड़े बवाल की वजह बन जाती हैं.