Skip to content

Sikar News: LPG की ब्लैक मार्केटिंग का भंडाफोड़, 124 सिलेंडर बरामद, कंट्रोल रूम चालू

सीकर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत की अफवाहों के बीच रसद (खाद्य) विभाग ने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने श्रीमाधोपुर इलाके के सिमारला गांव में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए हैं. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और अनावश्यक भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सीकर जिला रसद अधिकारी विजेंद्र पाल ने बताया कि प्रवर्तन दल ने थोई स्थित इंदिरा गांधी ग्रामीण वितरक और सिमारला (श्रीमाधोपुर) निवासी सुभाष चंद (पुत्र दुर्गाप्रसाद) के घर पर छापा मारा. तलाशी के दौरान सुभाष के परिसर से कुल 124 अवैध सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें शामिल हैं.

  • 90 घरेलू गैस सिलेंडर (18 भरे हुए और 72 खाली)
  • 28 व्यावसायिक गैस सिलेंडर (सभी खाली)
  • 6 छोटे गैस सिलेंडर (5 किलो वाले, सभी भरे हुए)

मौके पर कोई भी वैध दस्तावेज न मिलने के कारण सभी सिलेंडरों को जब्त कर ‘थोई इंडेन ग्रामीण वितरक’ के सुपुर्द कर दिया गया है. आरोपी सुभाष चंद के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और 6A के तहत जब्ती और कुर्की की कार्रवाई की जा रही है. इस छापेमारी दल में प्रवर्तन अधिकारी जयराम, सुनीता वर्मा, निरीक्षक अनुराग बैरवाल और सुरमि मीणा शामिल थे.

कालाबाजारी रोकने के लिए त्रिस्तरीय कमेटी गठित

गैस एजेंसियों की मनमानी और कालाबाजारी पर लगाम कसने के लिए जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं. बुकिंग के अनुरूप सही आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपखंड अधिकारी (SDM) के नेतृत्व में एक त्रिस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है, जो गैस एजेंसियों पर सीधी नजर रखेगी. इसके अलावा, आमजन की सुविधा और निगरानी के लिए जिले में एक विशेष कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया गया है.

‘जिले में भरपूर स्टॉक है, पैनिक न हों’

जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने अफवाहों का खंडन करते हुए साफ कहा है कि जिले में गैस सिलेंडरों की कोई किल्लत नहीं है. तेल कंपनियों की रिपोर्ट के हवाले से उन्होंने बताया कि जिले में सुबह का शुरुआती स्टॉक 17,707 सिलेंडर था. दिनभर में 14,062 नए सिलेंडरों की आवक हुई. कुल 15,835 सिलेंडरों का सुचारू रूप से वितरण किया गया.

भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्देशों पर व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी शुरू कर दी गई है. प्रशासन मांग और आपूर्ति पर पैनी नजर बनाए हुए है. प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे भयभीत न हों और सिलेंडरों की अनावश्यक बुकिंग या घरों में अवैध रूप से गैस का संग्रह न करें. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *