Skip to content

Shivpuri News: आंगनबाड़ी सहायिका से रेप के बाद भड़की हिंसा, भाई ने आरोपी की मां की कर दी हत्या, 3 नामजद

शिवपुरी के रन्नौद कस्बे में एक आंगनबाड़ी सहायिका से कथित दुष्कर्म की घटना के बाद हालात अचानक हिंसक हो गए. पीड़िता के भाई द्वारा आरोपी युवक के घर पर हमला करने के दौरान उसकी मां की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर पीड़िता के भाई सहित तीन लोगों को आरोपी बनाया है, जबकि दुष्कर्म के आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

अस्पताल से लौटते समय हुई वारदात

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार (13 मार्च) की है. रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद चौहान ने बताया कि पीड़िता आंगनबाड़ी सहायिका अस्पताल से वापस अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान गांव का ही रहने वाला इंदर गुर्जर उसे घर छोड़ने की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठा लिया.

बताया जा रहा है कि आरोपी उसे गांव से दूर एक सुनसान जगह, नदी किनारे ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

पीड़िता ने भाइयों को दी जानकारी

पुलिस के मुताबिक घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने मोबाइल फोन से अपने भाइयों को पूरी बात बताई. सूचना मिलते ही उसके भाई रन्नौद थाने पहुंच गए. इसी बीच पीड़िता का एक भाई अपने दो साथियों के साथ आरोपी इंदर गुर्जर के घर पहुंच गया.

वहां पहुंचकर उन्होंने आरोपी को घर से बाहर निकालकर मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया.

बेटे को बचाने आई मां, हमले में मौत

पुलिस के अनुसार मारपीट के दौरान आरोपी की मां सिरकुंवरबाई गुर्जर (60) अपने बेटे को बचाने के लिए बीच में आ गईं. आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में पीड़िता के भाई ने नुकीले हथियार से उनके सिर पर वार कर दिया.

हमले में सिरकुंवरबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की प्रत्यक्षदर्शी मृतका की बहू रेनू गुर्जर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी अरविंद चौहान ने बताया कि गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया.

अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. वहीं दुष्कर्म के आरोपी युवक के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

इलाके में तनाव, पुलिस तैनात

घटना के बाद रन्नौद कस्बे और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *