शहडोल में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. एक बेटे ने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी. घटना की वजह प्रेम संबंधों का विरोध बताया जा रहा है. हैरानी की बात ये है कि हत्या के बाद आरोपी ने अपनी प्रेमिका को फोन कर पूरी कहानी सुनाई. जिसका ऑडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.
पूरी घटना शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 राजेंद्र सिंह कॉलोनी की है. संजय कोरी ने अपनी मां कुसुम कोरी की पिछले दिनों उस वक्त हत्या कर दी. जब वह गहरी नींद में थी. संजय कोरी कि मां लगातार बेटे के अवैध संबंधों और अवैध कामों का विरोध करती थी. जिसको लेकर घर में आए दिन विवाद होता था. घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और गुस्से में आकर बेटे ने अपनी मां का गला दबा दिया.
हत्या के बाद सामने आया घटना का सबसे खौफनाक पहलू
मामले का सबसे खौफनाक पहलू हत्या के बाद तब सामने आया जब संजय ने हत्या के बाद अपनी प्रेमिका को फोन किया. बातचीत का यह ऑडियो अब सोशल मीडिया में वायरल है. वायरल ऑडियो में आरोपी संजय ने अपनी प्रेमिका को फोन कर बताया कि उसने पहले करीब 20 मिनट तक मां का गला दबाया, जिससे वह बेहोश हो गई. उसे लगा कि मां मर चुकी है, लेकिन जब उसने पानी के छींटे मारे तो मां होश में आ गई और चिल्लाने लगी. इसके बाद आरोपी ने दोबारा गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया. फोन पर हुई बातचीत में प्रेमिका आरोपी को शव को रेलवे ट्रैक पर रखकर इसे हादसा दिखाने की सलाह देती रही, हालांकि आरोपी ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह यह काम अकेले नहीं कर सकता. बातचीत में प्रेमिका बार-बार खुद को बचाने और अपना नाम न लेने की हिदायत देती रही. यहां तक कि इस वारदात को शराब के नशे में किया गया कृत्य बताने की बात भी सामने आई. आरोपी प्रेमिका को जेल में मिलने आने के लिए भी कहता है.
ये भी पढ़िए- MP News: इंदौर अग्निकांड में 8 लोगों की दर्दनाक मौत, पीड़ित परिवार से मिले CM मोहन यादव
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुरू की जांच
पुलिस ने संजय कोरी को तब गिरफ्तार किया जब वह एक ढाबे में बैठकर लाश को ठिकाने की बात कर रहा था. वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संजय कोरी को अभिरक्षा में लिया और उससे पूछताछ की तो उसने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार किया. अमलाई पुलिस ने संजय कोरी के घर पहुंच कर जांच शुरू की. पुलिस ने वायरल ऑडियो को भी जांच में शामिल कर लिया है.
इस पूरे मामले पर उपपुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेंद्र मोहन दुबे का कहना है कि मां की हत्या करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी मां संजय को टोकती थी इसी बात से नाराज हो कर हत्या की गई है. वायरल ऑडियो क्लिप आरोपी बेटे के फुटेज एवं पुलिस की बाइट है.