Skip to content

Rewari News: पूर्व मंत्री की नई स्कॉर्पियो चोरी, शीशा तोड़कर कार ले गए बदमाश, CCTV में कैद हुई घटना

हरियाणा के रेवाड़ी में पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बावल के घर के बाहर खड़ी नई स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी हो गई. शहर के पॉश इलाके में  देर रात चोरों ने पहले अपनी कार में दो राउंड लगाकर रेकी की और उसके बाद इस घटना को अंजाम दिया.

चोर बिना नंबर प्लेट वाली अपनी कार में पूर्व मंत्री की गली के दो चक्कर लगाते हैं. इसके बाद वह स्कॉर्पियो गाड़ी के पास पहुंचकर उसका शीशा तोड़ते हैं और फिर लॉक सिस्टम को डिकोड कर गाड़ी स्टार्ट कर वहां से फरार हो जाते हैं.

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की घटना

पूर्व मंत्री को उनकी कार चोरी होने की खबर सुबह उठने के बाद लगी. घर में लगे सीसीटीवी देखने के बाद पता चलता है कि कार चोरी हो चुकी है. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चोरी की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बावल के रेवाड़ी सिटी के सेक्टर-3 स्थित घर के बाहर से उनकी कार चोरी हुई. उन्होंने करीब 10 महीने पहले काले रंग की एक स्कॉर्पियो कार (HR36AT8598) खरीदी थी. यह उनके नाम पर ही रजिस्टर्ड है. उन्होंने बताया कि गाड़ी को वे आम तौर पर अपने घर के बाहर ही खड़ा करते थे.

साल 2024 में पूर्व मंत्री को मिली थी धमकी

पूर्व मंत्री ने बताया कि 2024 में  धमकी भी मुझे मिली थी. वह भी पूरी घटना प्रशासन पुलिस को बताई लेकिन आज तक कोई भी गिरफ्तारी नहीं हुई. उन्होंने यह भी कहा कि कि प्रशासन पर कोई विश्वास नहीं है. उन्होंने कहा कि अब गाड़ी भी चोरी हो गई है, लेकिन अब देखना होगा कि पुलिस क्या कार्रवाई करती है.

रात उनके घर के बाहर उनकी काले और सफेद रंग की दो स्कॉर्पियो गाड़ियां खड़ी थीं. चोरों ने इनमें से नई काले रंग की स्कॉर्पियो को निशाना बनाया. वारदात रात 2 बजे के करीब हुई है.  गाड़ी चोरी का पता चलते ही जसवंत सिंह ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाली.

शीशा तोड़कर चोरी की गई कार

इसमें एक गाड़ी पहले उनके घर के बाहर से लेफ्ट में जाती दिखती है. इसके 10 मिनट बाद फिर से वही गाड़ी राइट से आकर चक्कर लगाती है. कुछ देर बाद उसी गाड़ी से एक चोर निकलता है और जसवंत बावल की कार का शीशा तोड़कर कार ले जाता है.
 
जसवंत सिंह बावल ने इसके बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस टीम आसपास लगे दूसरी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और इलाके में छानबीन कर रही है. चोरों की तलाश में स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

कौन हैं जसवंत सिंह बावल? 

जसवंत सिंह बावल ने हरियाणा विकास पार्टी से वर्ष 1996 में बावल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और चौधरी बंसी लाल की सरकार में कैबिनेट मंत्री बने. उनके पास एग्रीकल्चर, रेवेन्यू, पीडब्ल्यूडी, पब्लिक हेल्थ और सिविल एविएशन जैसे बड़े विभाग थे.

इसके बाद जसवंत सिंह दूसरी बार 2005 में निर्दलीय चुनाव लड़े और हार गए. फिर 2014 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ा और उसमें भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने तीनों चुनाव बावल विधानसभा से लड़े. अभी जसवंत सिंह बावल कांग्रेस पार्टी में है.

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में तेज रफ्तार थार का कहर! नाना के साथ जा रहे मासूम बच्चों को रौंदा; 3 लोगों की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *