राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. इसी कड़ी में पार्टी ने हिमाचल प्रदेश से कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है. पार्टी के इस फैसले ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है, क्योंकि कई बड़े नामों की चर्चा के बीच अनुराग शर्मा का नाम सामने आया है.
कांग्रेस ने इस बार हिमाचल प्रदेश में स्थानीय चेहरे पर दांव लगाया है. अनुराग शर्मा कांगड़ा जिले के बैजनाथ क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
इसलिए बनाया उम्मीदवार
जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने में काम किया है. माना जा रहा है कि पार्टी ने संगठन से जुड़े और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता को आगे बढ़ाने की रणनीति के तहत यह फैसला लिया है.
आज भरेंगे नामांकन
अनुराग शर्मा आज शिमला स्थित विधानसभा परिसर में अपना नामांकन दाखिल करेंगे. राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हुए हैं. कांग्रेस के नेताओं का मानना है कि इस बार स्थानीय उम्मीदवार उतारकर पार्टी ने कार्यकर्ताओं को सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की है.
पिछले चुनाव से लिया सबक
दरअसल, 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश से उम्मीदवार बनाया था. उस चुनाव में क्रॉस वोटिंग के कारण बीजपी के उम्मीदवार हर्ष महाजन को जीत मिली थी. उस घटना के बाद से कांग्रेस के भीतर यह मांग उठ रही थी कि बाहरी राज्य के नेता की जगह प्रदेश के ही किसी चेहरे को मौका दिया जाए.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी पहले संकेत दिए थे कि इस बार पार्टी हिमाचल से ही उम्मीदवार उतारेगी. अनुराग शर्मा को टिकट दिए जाने को उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
अन्य राज्यों के उम्मीदवार भी घोषित
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए अन्य राज्यों से भी अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है. पार्टी ने तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी, छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम, हरियाणा से करमवीर सिंह बौद्ध, तमिलनाडु से क्रिस्टोफर तिलक और हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को मैदान में उतारा है.
बता दें राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है. 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 मार्च तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी.