राजस्थान के बारां शहर में आपसी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया. चौमखा बाजार के शीतला चौक क्षेत्र में दोपहर के समय वाल्मीकि समाज के दो पक्षों के बीच पुराना विवाद अचानक भड़क उठा और देखते ही देखते मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया. दोनों पक्षों के बीच हुए इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही रंजिश चल रही थी, जो अचानक हिंसक टकराव में बदल गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार, घटना में एक ही पक्ष के तीन लोग घायल हो गए. घायलों में अनिल वाल्मीकि, प्रदीप वाल्मीकि और मनीष वाल्मीकि शामिल हैं. तीनों को पहले जिले के शहीद राजमल मीणा जिला अस्पताल लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें कोटा रेफर कर दिया. सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी भजनलाल, डीएसपी हरिराम सोनी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने घायलों से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
एएसआई वीरेंद्र सिंह के अनुसार, हरिजन बस्ती शीतला चौक क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक ही समाज के दो पक्ष आमने-सामने हो गए. इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़िए- महाराष्ट्र राज्यसभा चुनाव: शरद पवार के लिए बड़ी राहत, एकनाथ शिंदे के एक फैसले से बदल गया समीकरण, जानें कैसे