Skip to content

Rajasthan News: जालोर में स्कॉर्पियो से 80 किलो अफीम का दूध जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, ANTF की बड़ी कार्रवाई

राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सांचौर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर करीब 80.724 किलोग्राम अफीम का दूध बरामद किया है. इस दौरान इसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया है. जानकारी के अनुसार एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि पाली से सांचौर की ओर बड़ी मात्रा में अफीम की खेप सप्लाई की जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने भारतमाला टोल, सांचौर के पास बिना वर्दी पहने, सादे कपड़ों में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की.

पुलिस ने गाड़ी से 80.724 किलोग्राम अवैध अफीम किए बरामद

इसी दौरान मुखबिर की सूचना के अनुसार एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो टोल की ओर आती दिखाई दी. टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्करों ने वाहन भगाने की कोशिश की. पुलिस ने स्टॉपर स्टिक की मदद से वाहन के टायर पंक्चर कर दिए, इसके बावजूद तस्करों ने पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की. स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने फायरिंग की चेतावनी दी, जिसके बाद आरोपी घबरा गए और वाहन रोक दिया. इसके बाद टीम ने मौके पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और पूरे वाहन की तलाशी ली. तलाशी के दौरान 80.724 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद हुआ.

आरोपियों के घर की तलाशी में मिले 19 लाख 20 हजार रुपए नकद

पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो (नंबर GJ 03 PD 9331) को जब्त कर लिया. इसके अलावा आरोपियों के घर की तलाशी के दौरान 19 लाख 20 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार (45) पुत्र रामकिशन सियाग विश्नोई और सुरजाराम (33) पुत्र रामुराम सियाग विश्नोई, निवासी भाणिया, थाना शिवपुर, जिला पाली के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किन-किन स्थानों पर सप्लाई की जानी थी. एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *