Skip to content

Rajasthan में LPG Crisis! वितरक बोले- 1 करोड़ 65 लाख उपभोक्ताओं के सामने संकट, 2-3 दिन का स्टॉक बचा

ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच तनाव से राजस्थान में एलपीजी सिलेंडर की भारी किल्लत सामने आ गई है. जयपुर में हालत ये है कि 7 दिनों बाद की बुकिंग लंबित पड़ी है और वितरकों के पास सिर्फ एक दिन का स्टॉक बचा है और संकट बढ़ता दिख रहा है. ऐसे में अब कॉमर्शियल सिलेंडर की डिलिवरी भी पूरी तरह से बंद कर दी गई है जिसके बाद होटल संचालक सबसे अधिक परेशान होते नजर आ रहे हैं.

राजस्थान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हुसैन खान का कहना है कि सरकार ने नियम जारी किया है कि कॉमर्शियल सिलेंडर की डिलिवरी होटल्स, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को नहीं की जाएगी. हुसैन खान का कहना है कि इससे होटल इंडस्ट्री पूरी तरह खत्म हो जाएगी. हमारी सरकार से मांग है कि होटल और रेस्टोरेंट में बड़ी संख्या में कर्मचारी काम करते हैं, ऐसे में होटल्स के कर्मचारियों की रोजी रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा.

‘एक ही ट्रक भेजा जा रहा है’

एलपीजी वितरक दिनेश शर्मा का कहना है कि प्रदेश में 1 करोड़ 65 लाख उपभोक्ताओं के सामने एलपीजी संकट गहरा सकता है. जयपुर सहित राजस्थान के 10 बॉटलिंग प्लांट्स में केवल 2–3 दिन का ही स्टॉक बचा है. इस कारण सिलेंडर सप्लाई प्रभावित हो रही है. वितरकों का कहना है कि केंद्र सरकार और तेल कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग पर 25 दिन का नियम लागू कर रखा है. साथ ही दो ट्रक के ऑर्डर दिए जाने के बाद कंपनियों की ओर से एक ही ट्रक भेजा जा रहा है जिसके चलते लोगों को सिलेंडर सप्लाई करने में दिक्कत आ रही है. डिलिवरी का समय इसके चलते बढ़ता जा रहा है.

गैस सिलेंडर वितरकों का कहना है कि कॉमर्शियल सिलेंडर डिलिवरी करना बंद कर दिया गया है. केवल घरेलू उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं. कुछ वितरक बताते हैं कि पैनिक क्रिएट होने की वजह से लोग घरों में सिलेंडर जमा करने लगे हैं. आवश्यकता नहीं होने के बावजूद भी लोग सिलेंडर ऑर्डर करने लगे हैं, जिसके चलते डिलिवरी लेट हो रही है. वहीं मोबाइल से सिलेंडर बुकिंग बंद हो चुकी है.

आने वाले समय में गैस की कीमत बढ़ सकती है!

घरेलू गैस सिलेंडर लेने आए कुछ कस्टमर ने बताया कि आने वाले समय में गैस की कीमत बढ़ सकती है, इसलिए हम घर में खाली रखे हुए सभी सिलेंडरों को रिफिल करवा रहे हैं. हालांकि कुछ परेशानी हो रही है, लेकिन फिर भी हम गैस सिलेंडर की दिक्कत न हो इसलिए रिफिल करवा रहे हैं. एक कस्टमर ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग बंद हो चुकी है. हम ऑफलाइन बुकिंग करवा रहे हैं, लेकिन फिर भी सिलेंडर की डिलिवरी के लिए 6 से 7 दिन का ही बोला जा रहा है.

उधर, राजस्थान में एलपीजी गैस संकट पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है. सरकार गैस कंपनियों पर छापे क्यों नहीं मार रही है. डोटासरा ने कहा कि शादियों का सीजन है और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलिवरी पर रोक लगा दी गई है. इससे बड़ा संकट खड़ा हो गया है. डोटासरा ने कहा कि गैस कंपनियां घरेलू गैस की ऑनलाइन और मोबाइल बुकिंग भी नहीं ले रही हैं. डोटासरा ने सरकार से मांग की कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस बारे में प्रधानमंत्री से बात करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *