Skip to content

Panipat News: ‘जा मर जा कहीं जाकर’, पत्नी के कड़वे बोल से आहत युवक ने वीडियो कॉल पर लगाई फांसी

हरियाणा के पानीपत शहर से एक बेहद दर्दनाक और विचलित करने वाली घटना सामने आई है. शहर के चौटाला रोड स्थित सतीश कॉलोनी में रविवार को एक 22 वर्षीय युवक ने पत्नी से हुए विवाद के बाद फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या करने से ठीक पहले अपनी पत्नी को वीडियो कॉल की थी और उसके सामने ही फंदे पर झूल गया. इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है.

विवाद का कारण

मृतक के चाचा ने दी गई जानकारी में बताया कि विमलकांत की पत्नी पिछले कुछ समय से अपने मायके में थी और दोनों के बीच तनाव चल रहा था. रविवार (22 मार्च) को विमलकांत फोन पर अपनी पत्नी से बात कर रहा था और उसे वापस घर लौटने के लिए मना रहा था. आरोप है कि पत्नी ने वापस आने से साफ इनकार कर दिया और फोन पर ही तलाक देने की बात कह दी. बात इतनी बढ़ गई कि उसने गुस्से में पति से यह भी कह दिया कि “जा मर जा कहीं जाकर.”

वीडियो कॉल पर उठाया खौफनाक कदम

पत्नी की इन बातों से विमलकांत इस कदर आहत हुआ कि उसने तुरंत पत्नी को वीडियो कॉल की और उसके सामने ही कमरे में दुपट्टे से फांसी का फंदा लगा लिया. फांसी लगते ही विमलकांत के हाथ से फोन छूटकर नीचे फर्श पर गिर गया और टूट गया.

दरवाजा तो फंदे से लटकता मिला शव

परिजनों के मुताबिक रविवार (22 मार्च) की छुट्टी होने के कारण विमलकांत घर पर ही था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य काम के सिलसिले में फैक्ट्री गए हुए थे. शाम करीब 4 बजे जब परिजन काम से वापस लौटे, तो देखा कि विमलकांत के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है. काफी आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो उन्होंने किसी तरह दरवाजा तोड़ा. कमरे का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए; अंदर विमलकांत का शव फंदे से लटक रहा था.

महज एक साल पहले हुई थी शादी

मृतक की पहचान 22 वर्षीय विमलकांत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला था. वह पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ पानीपत में रहकर एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता था. विमलकांत की शादी पिछले ही साल, अप्रैल 2025 में हुई थी. शादी के महज एक साल बाद ही इस दुखद घटना ने परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया है.

पुलिस की कार्रवाई जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल (शवगृह) में रखवा दिया है. पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *