Skip to content

Nuh News: गो तस्करों पर पुलिस का प्रहार, 7 गिरफ्तार, 7 गोवंश और 70 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद

हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस ने गो तस्करों के खिलाफ एक विशेष और सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने फिरोजपुर झिरका सदर और अकेदा थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने रविवार (8 मार्च) को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 गोवंश, करीब 70 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, नकदी और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पहला मामला फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र का है. पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि राजस्थान की ओर से हरियाणा आ रहे तीन ट्रकों में गोवंश भरकर मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते ले जाए जा रहे हैं. इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए बावंधेरी गांव के पास बैरिकेडिंग कर दी.

आरोपियों की पहचान और बरामदगी

जैसे ही संदिग्ध वाहन वहां पहुंचे, पुलिस को देखकर आरोपियों ने अपने ट्रकों से उतरकर भागने का प्रयास किया. लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा. तलाशी के दौरान इन तीन वाहनों से कुल सात गायें (गोवंश) सकुशल मुक्त कराई गईं. इस मामले में गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों की पहचान साजिद, सैकुल, अकबर, संजय, ललित कुमार और इरशाद के रूप में हुई है. इनके पास से पुलिस ने 27,450 रुपये नकद और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

मोटरसाइकिल पर 70 किलो मांस ले जाता एक अरेस्ट

दूसरी कार्रवाई नूंह जिले के अकेदा थाना क्षेत्र में की गई. पुलिस ने अकेदा गांव के ही रहने वाले यूनुस नामक व्यक्ति को प्रतिबंधित मांस बेचने और परिवहन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर लगभग 70 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस लेकर जा रहा था, जिसे पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया.

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गो तस्करी और प्रतिबंधित मांस की तस्करी के इन मामलों में पकड़े गए सभी सात आरोपियों को रविवार को ही संबंधित अदालत में पेश किया गया. न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि गो तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *