Skip to content

Noida News: फेसबुक-इंस्टाग्राम पर सस्ते टूर पैकेज का झांसा देकर ठगी, मास्टरमाइंड नोएडा से अरेस्ट

छुट्टियां बिताने के लिए अगर आप भी सोशल मीडिया पर सस्ते विदेश टूर पैकेज (Tour Packages) के विज्ञापन देखकर बुकिंग करने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए. नोएडा की साइबर क्राइम पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लुभावने विज्ञापन देकर लोगों को सिंगापुर और वियतनाम जैसी जगहों की सैर कराने का सपना दिखाता था और फिर उन्हें लाखों रुपये का चूना लगा देता था.

डीसीपी (साइबर) शैव्या गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय आदित्य राज के रूप में हुई है. वह मूल रूप से लखीसराय (बिहार) का रहने वाला है और नोएडा की ‘आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी’ में रहकर यह काला धंधा चला रहा था. पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से इस मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है.

क्या थी ठगी की मोडस ऑपरेंडी?

डीसीपी साइबर के मुताबिक, आरोपी का ठगी करने का तरीका बेहद शातिर था. वह फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल पर सिंगापुर, नेपाल, वियतनाम और यूरोप के सस्ते ‘कम्प्लीट टूर पैकेज’ के विज्ञापन चलाता था.  जब लोग विज्ञापन देखकर उससे संपर्क करते, तो वह उन्हें झांसे में लेने के लिए फर्जी बुकिंग कंफर्मेशन भेज देता था. लोगों का भरोसा जीतकर वह पूरा पैसा अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेता था. पैसे मिलते ही वह बुक किए गए टिकटों को कैंसिल करवा देता और रिफंड के पैसे खुद हड़प लेता था.

12 लाख की ठगी का खुलासा, लैपटॉप-मोबाइल बरामद

पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी आदित्य राज अब तक दर्जनों लोगों को अपना शिकार बनाकर करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है. पुलिस ने उसके पास से 3 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है, जिसमें कई पीड़ितों का डेटा मौजूद है. फिलहाल पुलिस आरोपी के बैंक खातों और सोशल मीडिया विज्ञापनों की गहराई से जांच कर रही है ताकि ठगी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *