Skip to content

Noida News: नोएडा सेक्टर 4 की बिल्डिंग में लगी भीषण आग, धुएं से कई लोग बेहोश, 4 की हालत नाजुक

नोएडा के सेक्टर-4 स्थित कैपिटल कंपनी की एक फैक्टरी में गुरुवार (12 मार्च) सुबह करीब 5 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग लगते ही फैक्टरी के अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने मिलकर कई लोगों को बाहर निकालने में मदद की.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद हालात काफी डरावने हो गए थे और हर तरफ भगदड़ जैसा माहौल बन गया. सूचना के बाद फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची. फैक्टरी में बिजली का मीटर बनाने का काम होता है. 

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि जब अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तब कई लोगों को हाथ पकड़कर और सहारा देकर बाहर निकाला गया. इस दौरान अफरातफरी में कई लोग घायल हो गए. किसी के हाथ-पैर टूट गए तो किसी को गंभीर चोटें आई हैं.

लोगों ने बताया कि कई लोग आग और धुएं की वजह से बेहोश हो गए थे, जिन्हें आसपास के लोगों ने मिलकर बाहर निकाला. कुछ घायलों को नीचे उतारने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी.

4 लोगों की हालत गंभीर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घायलों में कम से कम 4 लोगों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. ये लोग चलने-फिरने की स्थिति में नहीं हैं. किसी का घुटना टूट गया है, तो किसी के शरीर में गहरी चोट आई है. कुछ लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत होने की बात सामने आई है.

घायलों को लोगों की मदद से नीचे उतारकर सुरक्षित जगह पर लाया गया. कई लोगों को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की भी जानकारी मिल रही है.

नीचे के फ्लोर में लोगों के फंसे होने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फैक्टरी के ऊपरी हिस्से में फिलहाल कोई व्यक्ति फंसा हुआ नहीं दिख रहा है, लेकिन नीचे के फ्लोर में कितने लोग हैं, इस बारे में अभी साफ जानकारी नहीं मिल पाई है.

लोगों के मुताबिक, जितने लोगों को निकालना संभव था, उन्हें बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका अभी भी जताई जा रही है.

फिलहाल मौत की पुष्टि नहीं

घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जुट गई है. लोगों का कहना है कि अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी मृत व्यक्ति को बाहर निकाला गया है. हालांकि कई लोग बेहोशी की हालत में मिले हैं, जिन्हें बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया है.

फिलहाल आग लगने की वजह क्या है, इसका पता नहीं चल पाया है. राहत और बचाव का काम जारी है और प्रशासन की टीम हालात पर नजर बनाए हुए है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *