Nitish Kumar Nomination Live: बिहार में बुधवार को इस तरह की अटकलों से राजनीतिक हलचल तेज हो गई कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं. ऐसी चर्चा है कि इससे भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मुख्यमंत्री पद मिल सकता है और नीतीश कुमार के पुत्र निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. हालांकि, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ BJP नेता गिरिराज सिंह ने इन अटकलों को खारिज करते हुए इसे ‘होली का मजाक’ बताया और कहा, ‘‘नीतीश कुमार जी ही मुख्यमंत्री हैं.’’
राज्य में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि बृहस्पतिवार, 5 मार्च को है. बीजेपी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जिनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम शामिल हैं. वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा को लगातार दूसरी बार राज्यसभा भेजे जाने की पुष्टि हो चुकी है. दूसरी ओर जदयू ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है.
इस महीने की शुरुआत में अपना 75वां जन्मदिन मनाने वाले नीतीश कुमार को जदयू की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाएं उस समय सामने आईं जब एक दिन पहले ही पार्टी ने घोषणा की थी कि उनके पुत्र निशांत राजनीति में प्रवेश करेंगे. इससे पहले यह भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि निशांत को सीधे राज्यसभा भेजा जा सकता है, जो करीब 40 वर्ष के हैं और अभी तक औपचारिक रूप से जदयू में शामिल नहीं हुए हैं. हालांकि नामांकन की प्रक्रिया समाप्त होने में 20 घंटे से भी कम समय शेष रहने के बीच कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि 2005 से राज्य की सत्ता संभाल रहे मुख्यमंत्री राज्यसभा के रास्ते ‘‘सम्मानजनक विदाई’’ ले सकते हैं. इन अपुष्ट रिपोर्ट के अनुसार बीजेपी, जो चुनावों में जदयू से बेहतर प्रदर्शन कर रही है, इस हिंदीभाषी राज्य में अपना मुख्यमंत्री बना सकती है जहां अब तक उसे सर्वोच्च पद नहीं मिला है.