Nepal Health Minister Nisha Mehta: नेपाल की नई सरकार में प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के नेतृत्व में कई नई नियुक्तियां हुई हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा में निशा मेहता का स्वास्थ्य और जनसंख्या विभाग की जिम्मेदारी संभालना है. निशा मेहता राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की प्रतिनिधि हैं और उन्हें हाल ही में नेपाल की स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है. उनकी पढ़ाई और करियर की कहानी भी काफी प्रेरणादायक है, क्योंकि उन्होंने अपनी मेडिकल शिक्षा भारत से पूरी की और यहीं से उन्हें स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में गहरा अनुभव मिला. ऐसे में आइए जानते हैं कि नेपाल की स्वास्थ्य मंत्री निशा मेहता कितनी पढ़ी-लिखी हैं और उन्होंने भारत के किस कॉलेज से डिग्री ली है.
नेपाल की स्वास्थ्य मंत्री निशा मेहता कितनी पढ़ी-लिखी हैं
नेपाल की नई स्वास्थ्य मंत्री निशा मेहता काफी पढ़ी-लिखी और योग्य हैं. उनका शैक्षिक और पेशेवर सफर बहुत मजबूत है. उन्होंने भारत से नर्सिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन पूरी की है. उन्होंने मध्य प्रदेश के ग्वालियर विश्वविद्यालय से नर्सिंग में मास्टर्स डिग्री हासिल की और इसके बाद नेपाल में एक अनुभवी नर्स के तौर पर काम किया.
यह भी पढ़ें – Bihar Board 10th Result 2026 : आज जारी होगा बिहार बोर्ड 10वीं का रिजल्ट, स्टेप बाइ स्टेप ऐसे करें चेक
नेपाल की स्वास्थ्य मंत्री निशा मेहता ने भारत के किस कॉलेज से डिग्री ली है
निशा ने नई दिल्ली के AIIMS कॉलेज ऑफ नर्सिंग से बीएससी नर्सिंग (2006–2010) की डिग्री हासिल की है. बीएससी नर्सिंग करने के बाद निशा ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर विश्वविद्यालय से नर्सिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन किया. उन्होंने कैंसर अस्पताल और अनुसंधान संस्थान के पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज ऑफ नर्सिंग में एडमिशन लिया और एमएससी (ऑब्स एंड गायनी) 2017 में पूरी की. पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद निशा नेपाल लौट गईं और बी.पी. कोइराला स्वास्थ्य विज्ञान संस्थान में लगभग 3 साल तक नर्स के तौर पर काम किया. बाद में उन्होंने बिराटनगर के बिराट टीचिंग अस्पताल में नर्स और एसोसिएट प्रोफेसर की भूमिका निभाई.
निशा मेहता का राजनीतिक सफर
निशा मेहता का जन्म 7 अगस्त 1987 को कोशी प्रांत के सुनसरी जिले के इनारुवा में हुआ. उन्होंने 2026 के आम चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी से प्रतिनिधि सभा के लिए चुनाव लड़ा और मधेसी महिला ग्रुप के तहत चुनी गईं. आज वह नेपाल सरकार में स्वास्थ्य, जनसंख्या और जल आपूर्ति मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रही हैं.
यह भी पढ़ें – Airport Jobs: एयरपोर्ट पर कैसे मिलती है नौकरी, इसके लिए कौन सी पढ़ाई करनी होती है?