Skip to content

Nainital News: महिला पर्यटक से रेप की कोशिश, पुलिस ने 10 घंटे में आरोपी टैक्सी चालक को दबोचा

झीलों के शहर नैनीताल में एक महिला पर्यटक के साथ टैक्सी चालक द्वारा दुष्कर्म के प्रयास और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना के महज 10 घंटे के भीतर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से पीड़िता का लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई टैक्सी भी बरामद कर ली गई है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता 5 मार्च 2026 को दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची थी. वहां से वह ऑटो लेकर काठगोदाम आई और रात के समय नैनीताल जाने के लिए एक वैगनआर टैक्सी (UK04TB 5500) किराये पर ली.

बिगड़ गई चालक की नीयत 

रात करीब 1:30 बजे, जब टैक्सी वल्दियाखान के पास पहुंची, तो चालक की नीयत बिगड़ गई. उसने गाड़ी को मुख्य मार्ग से हटाकर पटवाडांगर की एक सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया. जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाड़ी रोक दी, महिला के साथ मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया. महिला किसी को मदद के लिए न बुला सके, इसलिए आरोपी ने उसका मोबाइल फोन (Vivo Y100) भी लूट लिया.

पीड़िता का बचाव और पुलिस की कार्रवाई

पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकलने में सफल रही. 6 मार्च की सुबह उसने स्थानीय लोगों की मदद से तल्लीताल पुलिस को आपबीती सुनाई. सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए. पीड़िता की तहरीर पर थाना तल्लीताल में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 309(6) और 137 (मुकदमा अपराध संख्या 11/2026) के तहत केस दर्ज किया गया.

CCTV और GPS से खुला राज

एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों के बाद, एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा और तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं. पुलिस ने रुट के CCTV फुटेज खंगाले और टैक्सी में लगे GPS सिस्टम को ट्रैक किया. इस तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी चालक दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष), निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर (थाना मुखानी) को पाइन्स-भवाली रोड से धर दबोचा गया.

‘पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता’

एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि, “नैनीताल में पर्यटकों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. ऐसे जघन्य अपराध करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *