पश्चिमी उतर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में अवैध हथियारों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चेकिंग के दौरान मेरठ निवासी चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में पिस्टल और तमंचे बरामद किए हैं. यह गिरोह आगामी ग्राम पंचायत चुनावों के मद्देनजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हथियारों की सप्लाई करने की फिराक में था.
शाहपुर थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि तितावी की ओर से एक स्विफ्ट कार में कुछ लोग अवैध हथियारों की खेप लेकर बुढ़ाना की तरफ जाने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पलड़ी नहर पुलिया के पास मोर्चा संभाल लिया. कुछ ही देर बाद संदिग्ध कार आती दिखाई दी. पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार में सवार चारों आरोपियों को दबोच लिया.
पुलिस ने चारों आरोपी को किया गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकिल पुत्र सलाउद्दीन, फरहान पुत्र इमरान, मोहम्मद तालिब पुत्र मोहम्मद आबिद और शाहरुख पुत्र शौकीन अहमद के रूप में हुई है, जो सभी मेरठ के रहने वाले हैं. तलाशी के दौरान कार से 7 पिस्टल (32 बोर), 3 तमंचे (315 बोर) और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद हुए. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है.
40 हजार की पिस्टल 70 हजार में बेचते थे आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि वे मेरठ से कम दामों पर हथियार खरीदकर डिमांड के अनुसार मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत जैसे जिलों में ऊंची कीमतों पर बेचते थे. आरोपियों के मुताबिक, वे 40 हजार रुपये में खरीदी गई पिस्टल को 65 से 70 हजार रुपये में और 6 हजार वाले तमंचे को 10 हजार रुपये तक में खपाते थे. आगामी चुनावों के कारण हथियारों की मांग बढ़ गई थी, जिसका फायदा उठाकर वे मोटी कमाई करने की योजना बना रहे थे.
ये भी पढ़िए- उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र संपन्न, कांग्रेस ने धामी सरकार पर बोला तीखा हमला, लगाए कई आरोप
फरार आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
एसएसपी के अनुसार, गिरोह का एक सदस्य अभी भी फरार है. जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की कुंडली खंगालने में जुटी है.
ये भी पढ़िए- नवरात्र से पहले बड़ा ऐलान, यूपी में अब इन लोगों को भी सरकार देगी घर, सीएम योगी ने दी जानकारी