ईरान-अमेरिका तनाव के बीच देशभर में उपजे घरेलू गैस संकट का असर अब मुजफ्फरनगर की गलियों में भी दिखने लगा है. नगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरी मोहल्ले में बुधवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब दर्जनों उपभोक्ताओं ने गैस वेंडर पर सिलेंडरों की कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए उसका घेराव किया. स्थानीय निवासी राजकुमार तोमर के नेतृत्व में उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है.
हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस वितरण प्रणाली में भारी धांधली की जा रही है. एक उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले अपना सिलेंडर बुक किया था, जिसके बाद उनके मोबाइल पर ‘डिलीवरी सफल’ होने का मैसेज भी आ गया, लेकिन वास्तव में उन्हें सिलेंडर प्राप्त ही नहीं हुआ. उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि वेंडर टेंपो में भरकर गैस सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर कालाबाजारी के लिए भेज रहे हैं और जरूरतमंद ग्राहकों को खाली हाथ लौटाया जा रहा है.
वेंडर ने दी सफाई, केवाईसी को बताया कारण
दूसरी ओर, गैस वेंडर विपिन कुमार ने कालाबाजारी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने मीडिया को बताया कि आपूर्ति बेहद कम हो रही है और आज उन्हें केवल 15 सिलेंडर ही प्राप्त हुए थे. उन्होंने कहा कि जो ग्राहक बुकिंग पर्ची दिखा रहे हैं, उन्हें ही प्राथमिकता दी जा रही है. साथ ही, मौके पर ही ग्राहकों की केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी की जा रही है ताकि वितरण पारदर्शी रहे.
सरकारी एडवाइजरी से बढ़ी परेशानी
गौरतलब है कि गैस संकट को देखते हुए सरकार ने नई एडवाइजरी जारी की है, जिसके तहत अब 25 दिन के अंतराल पर ही एक सिलेंडर बुक किया जा सकेगा. इसके साथ ही कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पर भी कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं. इसी नियम और किल्लत के बीच अब आम जनता और गैस वितरकों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो रही है. रामपुरी के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई और कालाबाजारी नहीं रुकी, तो वे जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेंगे.