देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं. मुंबई में साइबर ठगों ने एक जज को भी निशाना बनाया है. क्रेडिट प्वाइंट के नाम पर 6 लाख की ठगी की गई है. जानकारी के मुताबिक क्रेडिट कार्ड पॉइंट्स रिडीम करने के नाम पर बॉम्बे हाई कोर्ट के जज से छह लाख की साइबर धोखाधड़ी की गई है. साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स भरवाकर कुल 6 लाख रुपए जज के अकाउंट से उड़ा लिए. कफ परेड पुलिस स्टेशन में अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
बताया जा रहा है कि हाई कोर्ट के जज सर्च इंजन लिस्टिंग फ्रॉड के जाल में फंस गए. क्रेडिट कार्ड पॉइंट्स रिडीम करने के लिए जज ने एक क्रेडिट कार्ड बैंक का कस्टमर केयर नंबर ऑनलाइन सर्च किया था और फिर साइबर ठगी का शिकार हो गए.
साइबर ठगों ने बैंक प्रतिनिधि बनकर जज को भेजा लिंक
जानकारी के मुताबिक जब जज ने उस नंबर पर कॉल किया, तो साइबर फ्रॉड करने वाले ने बैंक का प्रतिनिधि बनकर जज को एक लिंक भेजकर एक ऐप डाउनलोड करने के लिए मजबूर किया. बाद में उसने उनसे उस पर अपने क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स भरवाईं. जैसे ही उन्होंने डिटेल्स भरी, जज ने चार ट्रांजैक्शन में कुल 6,02,566 रुपये गंवा दिए.
ठगी के शिकार जज ने कफ परेड पुलिस स्टेशन में की शिकायत
इसके बाद जज साहब को जैसे ही एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है तो उन्होंने बैंक के ऑफिशियल कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करके क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करवा दिया और फिर नेशनल साइबर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई और बाद में कफ परेड पुलिस स्टेशन पहुंचे.
जज की शिकायत पर कई धाराओं में केस दर्ज
कफ परेड पुलिस ने जज की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और 319(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं 66, 66(ए) और 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया है.