Skip to content

Mumbai News: मुलुंड स्टेशन पर घरेलू कलह में पति ने पत्नी को चलती ट्रेन के आगे धकेला, हत्या का मामला दर्ज

मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक 42 वर्षीय व्यक्ति ने घरेलू झगड़े के बाद अपनी पत्नी को चलती लोकल ट्रेन के आगे धक्का देकर मार डाला. आरोपी पति राजकुमार गुप्ता को सूरत से गिरफ्तार कर लिया गया है. पूरी वारदात मुलुंड स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है.

पेशे से इलेक्ट्रीशियन राजकुमार गुप्ता ने 14 मार्च की सुबह अपनी 36 वर्षीय पत्नी पुष्पा को मुलुंड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर चलती लोकल ट्रेन के आगे धक्का दे दिया. गौरतलब है कि पुष्पा ने घटना से कुछ ही घंटे पहले पुलिस में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.

 पत्नी को गांव ले जाने आया था भाई, पति ने घर में बंद किया तो हुई वारदात

मृतका के भाई कमलेश कुमार गुप्ता (30) जो सेना में कार्यरत हैं उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े होते रहते थे. वह अपनी बहन और उसके 15 वर्षीय बेटे को वापस उत्तर प्रदेश के पैतृक गांव ले जाने आया था. 14 मार्च को फिर झगड़ा होने पर पुष्पा पुलिस के पास गई. इसके बाद कमलेश, पुष्पा और उसका बेटा मुलुंड स्टेशन पहुंचे. वहां कमलेश को अपना आर्मी ID कार्ड घर पर छूट जाने का एहसास हुआ. जब वह और भतीजा उसे लेने घर लौटे तो गुस्से में आग-बबूला राजकुमार ने उन्हें घर के अंदर बंद कर दिया और खुद मुलुंड स्टेशन पहुंचा.

 CCTV में कैद पूरी वारदात, यात्रियों ने स्टेशन मास्टर को दी सूचना

FIR के मुताबिक आरोपी ने प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी अपनी पत्नी पुष्पा को चलती लोकल ट्रेन के आगे धक्का दे दिया और फिर अपने छोटे बेटे के साथ मौके से फरार हो गया. यात्रियों ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचित किया. रेलवे अधिकारियों ने पुष्पा को सरकारी अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसी बीच कमलेश पड़ोसियों की मदद से खुद को घर से बाहर निकालने में कामयाब हुआ.

 BNS धारा 103 के तहत मामला दर्ज, सूरत से हुई गिरफ्तारी

कुर्ला GRP यानी सरकारी रेलवे पुलिस में दर्ज शिकायत के आधार पर आरोपी राजकुमार गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 यानी हत्या के लिए दंड के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को सूरत से गिरफ्तार कर लिया है. पूरी घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है जो जांच में अहम सबूत के तौर पर काम आएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *