Skip to content

MP News: मध्यप्रदेश में इंस्टाग्राम की दोस्ती का दर्दनाक अंत, युवती ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद

मध्यप्रदेश स्थित धार शहर के अर्जुन कॉलोनी क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान शारदा पिता जोगड़े के रूप में हुई है. जो पाटीदार चौराहे के पास स्थित एक निजी लैब में काम करती थी.

जानकारी के अनुसार, शारदा घर पर अपने भाई के बच्चों के साथ खेल रही थी. कुछ देर बाद बच्चों के रोने की आवाज सुनकर उसकी भाभी कमरे में पहुंची, जहां शारदा फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली. परिजनों और पड़ोसियों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

प्रेम संबंध मामले में युवती ने लगाई फांसी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस को घटनास्थल से कई पन्नों का एक सुसाइड नोट भी मिला है. जिसमें युवती ने अपनी मानसिक पीड़ा का जिक्र करते हुए एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सुसाइड नोट के अनुसार युवती की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से धार निवासी महेश प्रजापत नामक युवक से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया. बताया गया है कि करीब चार वर्षों तक दोनों के बीच संबंध रहे और इस दौरान युवक ने युवती से शादी करने का भरोसा भी दिलाया था.

ये भी पढ़िए- Indore News: इंदौर में पति और पत्नी के शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, पुलिस की जांच जारी

मानसिक रूप से परेशान चल रही थी युवती

सुसाइड नोट में युवती ने लिखा है कि जब उसके परिजनों ने उसके लिए अन्य जगह रिश्ता देखना शुरू किया तो युवक ने पहले शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद जब युवती ने दूसरी जगह रिश्ता स्वीकार कर लिया तो युवक ने उसे रिश्ता तोड़ने के लिए कहा और दो-तीन साल बाद शादी करने का वादा किया. युवक के भरोसे पर युवती ने अपना तय हुआ रिश्ता भी तोड़ दिया, लेकिन बाद में युवक अपने वादे से मुकर गया. इससे युवती मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी.

डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले युवती ने फांसी के फंदे के साथ अपनी एक तस्वीर खींचकर युवक को भेजी थी. युवती के मोबाइल से मिली व्हाट्सएप चैट और सुसाइड नोट में लिखी बातें लगभग एक जैसी पाई गई हैं. चैट में दोनों के बीच फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है. कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौके से मिले सुसाइड नोट, मोबाइल चैटिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़िए- बड़वानी: मिडिल ईस्ट तनाव से केले का निर्यात ठप, ₹25 का केला ₹8 में बेचने को मजबूर किसान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *