Skip to content

MP News: इंदौर अग्निकांड में 8 लोगों की दर्दनाक मौत, पीड़ित परिवार से मिले CM मोहन यादव

इंदौर की ब्रजेश्वरी एनएक्स कॉलोनी में बीते दिन हुए भीषण अग्निकांड में 8 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे शहर में शोक की लहर है. आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद मौके पर पहुंचे. उन्होंने श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर मृतकों को नमन किया और शोक संतप्त परिवारों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया.

श्रद्धांजलि सभा के दौरान एक बेहद भावुक और व्यवस्थाओं की पोल खोलने वाला क्षण तब आया, जब हादसे में जान गंवाने वाले मनोज पुगलिया के बेटे सौरभ ने मुख्यमंत्री के सामने प्रशासन और फायर ब्रिगेड की गंभीर लापरवाही की शिकायत की.

CM के सामने सौरभ का फूटा दर्द

सौरभ ने सीएम को सिलसिलेवार तरीके से बताया कि फायर ब्रिगेड मौके पर काफी देर से पहुंची और जो दमकल कर्मी आए थे, वे कथित तौर पर शराब पिए हुए थे. आग बुझाने के लिए आई दमकल की गाड़ियां आधी खाली थीं और पानी के टैंकर भी समय पर नहीं पहुंच सके. घटना की गंभीरता के बावजूद दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचने के बजाय किसी और स्थान पर चली गई थीं. सौरभ ने रुंधे गले से मुख्यमंत्री से कहा कि एंबुलेंस भी समय पर नहीं पहुंची; “अगर एंबुलेंस समय पर आ जाती, तो शायद मेरे पिता की जान बच जाती.”

‘औपचारिकता नहीं, दुख साझा करने आया हूं’

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीड़ित परिवारों की इन शिकायतों को गंभीरता से सुना. मीडिया से बातचीत में सीएम ने स्पष्ट किया कि वे यहां केवल कोई राजनीतिक औपचारिकता निभाने नहीं आए हैं, बल्कि पीड़ित परिवारों के दुख में सहभागी बनने आए हैं.

उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना के तुरंत बाद अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए थे और अब सरकार विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. इस पूरे मामले में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उन दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही प्रशासन को राहत और पुनर्वास कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *