मध्यप्रदेश के मैहर जिले से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां अमरपाटन स्थित शासकीय महाविद्यालय में एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर एक महिला से बस में छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है. पीड़िता द्वारा इस घटना का वीडियो बनाए जाने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है. महिला ने अमरपाटन थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है.
महिला ने अश्लील हरकतों को फोन में किया रिकॉर्ड
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है. महिला सतना से बस के माध्यम से अमरपाटन की ओर आ रही थी. तभी यात्रा के दौरान भटनवारा के पास बस में उसके बगल की सीट खाली हो गई. इसी दौरान आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर आकर उसके पास बैठ गया. आरोप है कि कुछ ही देर बाद उसने महिला के साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दी, जिससे महिला असहज हो गई, फिर उसने हिम्मत और समझदारी दिखाते हुए पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया.
इसके बाद वह सीधे अमरपाटन थाने पहुंची और वीडियो को सबूत के तौर पर पेश करते हुए आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है और स्थानीय स्तर पर भी आक्रोश देखने को मिला.
महाविद्यालय की छात्राओं ने पहले भी की थी शिकायतें
सूत्रों के अनुसार, आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिंहा का नाम पहले भी विवादों में रह चुका है. बताया जा रहा है कि महाविद्यालय की छात्राओं ने पूर्व में भी उनके खिलाफ अभद्र व्यवहार, मानसिक दबाव बनाने और सेशनल से जुड़े मामलों में शिकायत की थी. हालांकि, उस समय इन आरोपों पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हो पाई थी, जिससे आरोपी के हौसले और बढ़ने की बात भी सामने आ रही है.
फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो फुटेज के साथ-साथ अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.