Skip to content

Moradabad News: कुएं में मिली युवती की लाश का खुलासा, शादी के दबाव में जीजा ने साथियों संग की थी हत्या

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस ने कुएं में मिली युवती की लाश का खुलासा करते हुए मृतक युवती के जीजा और उसके 2 साथियों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक मृतक युवती का अपने जीजा से प्रेम प्रसंग चल रहा था और युवती जीजा पर शादी के लिए दबाव बना रही थी. इसलिए जीजा ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवती की हत्या कर शव को कुए में फेंक दिया था. पुलिस ने साली की हत्या करने वाले जीजा और दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामला मुरादाबाद के मैनाठेर थाना इलाके का है.   

मृतक युवती और उसके जीजा का अफेयर था. शादी के दबाव पर जीजा ने उसकी हत्या कर दी. साबरीन संभल जिले के असमोली इलाके के कमालपुर उर्फ कापूरपुर की रहने वाली थी. साबरीन की हत्या उसके जीजा हाशिम ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की थी. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया. पुलिस का दावा है कि साबरीन के अपने जीजा हाशिम से संबंध थे. वह जीजा पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी. जिससे तंग आकर हाशिम ने साली की हत्या करने के बाद उसकी लाश मैनाठेर क्षेत्र में बघी गोवर्धनपुर के जंगल में कुएं में फेंकी थी.

शुक्रवार को मिली थी लाश 

यहां बता दें कि मैनाठेर थाना क्षेत्र के बघी गोवर्धनपुर गांव के जंगल में शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे कुएं में एक युवती की लाश मिली थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई थी. अगले दिन शनिवार को मृतका की पहचान संभल जिले के असमोली क्षेत्र के कमालपुर उर्फ कापूरपुर सबरीन उर्फ समरीन (25) के रूप में हुई थी. युवती 26 फरवरी की रात से गायब थी. 

पुलिस ने इस मामले की जांच पड़ताल की, मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई और परिवार के लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने कुछ लोगों पर शक जताया. 

जीजा ने मिलने के बहाने बुलाया था 

सोमवार को पुलिस ने साबरीन के जीजा संभल जिले के हजरत नगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी मोहल्ला चौधरियान निवासी हाशिम को गिरफ्तार कर लिया. उसने पूछताछ में बताया कि साबरीन से उसके संबंध थे. साबरीन उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी. शादी नहीं करने पर जेल भिजवाने की धमकी दे रही थी. जिससे तंग आकर हाशिम ने अपने दोस्त अजीम बाबू और आदिल के साथ मिलकर 26 फरवरी की रात युवती को मिलने के बहाने बुला लिया था. 
इसके बाद दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी और शव मैनाठेर क्षेत्र में कुएं में फेंक दिया था. एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तीनों को सोमवार की शाम कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है. 

परिवार को दी थीं नशे की गोलियां 

साबरीन उर्फ समरीन के पिता बाबू भट्ठे पर चौकीदारी करते हैं. 26 फरवरी की रात भी वह ड्यूटी पर गए थे. घर में साबरीन की मां परवीन, बहन तरन्नुम, भाई अजीम, अब्दुल और दो वर्षीय भांजी थी. 27 फरवरी की सुबह बाबू सेहरी के समय घर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला था जबकि परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे. साबरीन ने खाने में नशे की गोलियां मिला दीं थीं. हाशिम ने कबूला है कि उसने ही साबरीन से कहा कि वह खाने में गोलियां मिलाकर आए. वह घर वालों को खाने में नशे देकर हाशिम से मिलने आई थी जहाँ हाशिम ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी थी और शव को कुएं में फेंक दिया था. तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *