Audi Car Accident in Zirakpur: मोहाली के जीरकपुर में वीआईपी रोड पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने एक विदेशी महिला मावलुदा को टक्कर मार दी. वह तुर्की की रहने वाली थी. घटना एमकेयर अस्पताल के सामने रात करीब 12 बजे हुई. टक्कर के बाद महिला हवा में लगभग 14 फीट उछलकर सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
चश्मदीदों ने बताया कि मावलुदा अपनी सहेली के साथ पैदल सड़क पार कर रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार ऑडी ने उसे टक्कर मार दी. महिला को गंभीर चोटें आईं और ज्यादा खून बहने के कारण वह तुरंत दम तोड़ बैठी. महिला के साथ मौजूद अभिषेक उर्फ अभि ने बताया कि मृतक उसकी दोस्त थी और वह अपनी गर्भवती पत्नी का हाल जानने अस्पताल आई थी. टक्कर में अभिषेक को मामूली चोटें आईं.
एक घंटे बाद पहुंची पुलिस
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. हालांकि, स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि पुलिस लगभग एक घंटे की देरी से पहुंची, जिससे माहौल गर्मा गया. बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डेराबस्सी के सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में रख दिया.
बहन के आने के बाद किया जाएगा पोस्टमार्टम
जांच अधिकारी राज कुमार ने बताया कि मृतक मावलुदा की बहन तुर्की से भारत आ रही है. उसके आने के बाद पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी. पुलिस दोषी ड्राइवर की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की समीक्षा कर रही है. जल्द ही आरोपी को पकड़ने और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जांच जारी है.