उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां शराब के नशे में हुए विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही पिता की ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी. यह घटना उस वक्त हुई जब पिता और पुत्र साथ बैठकर शराब पी रहे थे और मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते इतना भयावह रूप ले लिया कि एक बेटा अपने ही बाप का हत्यारा बन गया.
घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जेल चुंगी इलाके में हुई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
शराब पीते वक्त हुई कहासुनी
पुलिस के अनुसार इलाके के रहने वाले राजेश (55) और उनके बेटे अमन के बीच शराब पीते समय किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. दोनों के बीच पहले जुबानी तकरार हुई लेकिन नशे की हालत में विवाद बढ़ता चला गया और जल्द ही हाथापाई में बदल गया. हाथापाई के दौरान अमन का गुस्सा इतना बेकाबू हो गया कि उसने पास में पड़ी एक ईंट उठाई और अपने पिता राजेश के सिर पर पूरी ताकत से दे मारी. ईंट का वार इतना जबरदस्त था कि राजेश वहीं गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उन्हें होश भी नहीं रहा.
पुलिस मौके पर पहुंची, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. गंभीर हालत में पड़े राजेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सिर पर लगी चोट इतनी गहरी थी कि उनकी जान नहीं बच सकी. पूरे इलाके में इस घटना की खबर फैलते ही लोगों में सन्नाटा छा गया और परिवार में कोहराम मच गया.
आरोपी अमन गिरफ्तार, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी अमन को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. SP ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच की जा रही है.