Skip to content

Mahoba News: रंग लगाने को लेकर बवाल, कड़े से वार कर बच्चे को किया घायल, युवक की भी पिटाई

महोबा शहर के हमीरपुर चुंगी इलाके में होली के उत्साह के बीच बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक बड़े झगड़े में बदल गया. रंग लगाने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया. इस घटना में 11 साल का एक बच्चा घायल हो गया, जबकि बाद में दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की भी जमकर पिटाई कर दी गई.

जानकारी के मुताबिक, होली के मौके पर 11 से 12 साल के बच्चों के बीच रंग लगाने को लेकर विवाद हो गया था. पहले तो बच्चों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बिगड़ गया. आरोप है कि कुछ दबंग लड़कों ने 11 वर्षीय शिवम के साथ मारपीट शुरू कर दी.

इसी दौरान एक लड़के ने हाथ में पहने धातु के कड़े से शिवम के सिर पर वार कर दिया. सिर पर वार लगने से शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून निकलने लगा. घायल हालत में शिवम किसी तरह अपने घर पहुंचा और अपने माता-पिता योगेश और लाड़कुंवर को पूरी घटना के बारे में बताया.

परिजन उलाहना देने पहुंचे तो बढ़ गया विवाद

बच्चे की हालत देखकर परिजन काफी नाराज हो गए. इसके बाद वे आरोपियों के घर उलाहना देने पहुंच गए. लेकिन वहां शांति से बात होने के बजाय दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला और बिगड़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. कुछ ही देर में गाली-गलौज शुरू हो गई और फिर मारपीट होने लगी.

मारपीट के दौरान भीड़ ने एक युवक को घेर लिया और उसे लात-घूंसों से जमकर पीट दिया. वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कई लोग मिलकर एक युवक को बीच सड़क पर पीट रहे हैं और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है.

पुलिस पहुंची तो भागे उपद्रवी

घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस को देखते ही मारपीट करने वाले कई लोग वहां से भाग निकले. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी.

पुलिस का कहना है कि घायल बच्चे और युवक का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है. साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने साफ कहा है कि जो भी लोग कानून हाथ में लेते हुए मारपीट करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *