Skip to content

Mahoba News: महोबा में दरोगा भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन शांतिपूर्ण, डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण

महोबा में यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे. जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने खुद केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा. पांच केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में प्रशासन की मुस्तैदी और छात्रों का उत्साह देखते ही बना. परीक्षार्थियों ने बेहतर प्रबंधन और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए प्रशासन की सराहना की है.

महोबा जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2025 के दूसरे दिन का नजारा बेहद अनुशासित और चाक-चौबंद नजर आया. जनपद के सभी 5 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही हलचल तेज रही. सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए खुद जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह मैदान में उतरे.

एएसपी वंदना सिंह ने खुद किया प्रमुख केंद्रों का निरीक्षण

एएसपी वंदना सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने राजकीय वीरभूमि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डीएवी इंटर कॉलेज और जीजीआईसी जैसे प्रमुख केंद्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए. किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वहीं दूसरे दिन की प्रथम पाली के बाद एडीएम, एएसपी और सीओ ने भी केंद्रों का जायजा लिया और ड्यूटी पॉइंट्स को ब्रीफ किया. प्रशासनिक सख्ती के बीच परीक्षार्थियों के चेहरे पर एक अलग ही उत्साह देखने को मिला.

केंद्रों पर चेंकिंग की प्रक्रिया बहुत व्यवस्थित- परीक्षार्थी

प्रतापगढ़ से आए प्रवीण पटेल ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से मेहनत कर रहे थे और इस बार की व्यवस्थाएं पिछली सिपाही भर्ती की तुलना में कहीं अधिक बेहतर और सुरक्षित हैं. वहीं, परीक्षार्थी राखी पांडे ने प्रशासन के मैनेजमेंट की तारीफ करते हुए कहा कि चेकिंग की प्रक्रिया बहुत व्यवस्थित थी और पेपर का स्तर भी उम्मीद के मुताबिक अच्छा रहा.

केंद्रों पर प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मुस्तैद दिखा

साथ ही दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों के लिए केंद्र पर बैग रखने और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी खास ख्याल रखा गया था. प्रकाश और शिवांशी जैसे कई परीक्षार्थियों का मानना है कि इस बार की तैयारी और निष्पक्ष माहौल को देखते हुए उन्हें पूरा विश्वास है कि वे दरोगा बनने का सपना जरूर पूरा करेंगे. बहरहाल, महोबा में यूपीएसआई परीक्षा का दूसरा दिन शांतिपूर्ण रहा. जहां एक ओर पुलिस प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मुस्तैद दिखा. वहीं दूसरी ओर युवाओं के दरोगा बनने के संकल्प ने परीक्षा केंद्रों पर एक सकारात्मक माहौल बना दिया.

ये भी पढ़िए- ‘किसी बात को लेकर नाराजगी होगी लेकिन…’, मायावती के सवाल पर अखिलेश यादव ने दिया बड़ा संकेत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *