उत्तर प्रदेश के महोबा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पत्नी ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर बीच सड़क पर सास और पति की बेरहमी से पिटाई कर दी. पति द्वारा घर जमाई बनने से इनकार करने पर उपजे विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया. पीड़ित परिवार ने बहु और उसके परिजनों पर नगदी और सोने का लॉकेट छीनने का आरोप लगाया है. इस पूरी घटना के वीडियो भी वायरल हो रहा है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के चंदला निवासी अजय लखेरा और उनकी बीमार मां सुषमा पर उनकी ही बहू ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर हमला बोल दिया. इस हमले की जड़ में कोई पुराना जमीन का विवाद नहीं, बल्कि पति का घर जमाई बनने से इनकार करना बताया जा रहा है. बताया अजय और अंजली का विवाह साल 2022 में हुआ था. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अंजली, अजय पर चंदला छोड़कर महोबा में घर जमाई बनकर रहने का दबाव बना रही थी. इसी बात को लेकर घर में आए दिन कलह होती थी. विवाद इतना बढ़ा कि मामला कोर्ट तक पहुंच गया और अंजली अपने मायके में रहने लगी.
मां के इलाज के लिए झांसी जा रहा था अजय
घटना वाले दिन अजय अपनी बीमार मां का इलाज कराने झांसी जा रहा था. शाम के वक्त जब वे महोबा में नाश्ता करने रुके, तभी ससुराल पक्ष के लोगों ने उन पर धावा बोल दिया. संतोष ने बताया कि उसका पुत्र पुत्र अजय मां को लेकर जा रहा था तभी बहु अंजली ने अपने माता-पिता, भाई और अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर उन्हें लात-घूसों से पीटा. इस दौरान बीच सड़क पर तमाशबीनों की भीड़ जुटी रही, लेकिन कोई बचाने आगे नहीं आया.
रुपए और लॉकेट लूटने का आरोप
पीड़ित पक्ष का दावा है कि मारपीट के दौरान उनसे 7 हजार रुपये और सोने का लॉकेट भी छीन लिया गया. हालांकि, पुलिस इस मामले को केवल आपसी कहासुनी और मारपीट का बता रही है और रूपए लॉकेट छीनने की बात से इनकार कर रही है. तीन दिन बीत जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार डरा हुआ है. अब घायल मां-बेटे ने जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराकर पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है.