Skip to content

Mahendragarh News: महिला के जाल में फंसा युवक, पति संग रची अपहरण की साजिश, 4 घंटे में पुलिस ने छुड़ाया

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में अपहरण का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने पति और कुछ साथियों के साथ मिलकर एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर लिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है. जांच के दौरान इस मामले में हनीट्रैप का एंगल भी सामने आया है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है. पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी महिला और उसके पति की पहचान कर ली गई है, लेकिन दोनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस की टीमें उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं और मामले की गहन जांच जारी है.

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, सुबह गांव धोली झाखड़ी के लोग थाने में अपहरण की शिकायत लेकर पहुंचे थे. शिकायत में बताया गया कि गांव के दो युवक सुनील और विनोद को एक परिचित महिला ने फोन करके बुलाया था. विनोद एक निजी स्कूल में ड्राइवर का काम करता है और महिला से उसकी जान-पहचान थी. बताया गया कि महिला ने अपने पति और तीन-चार साथियों के साथ मिलकर पहले से साजिश रची हुई थी. रात करीब साढ़े ग्यारह बजे विनोद को गुलावला और कुकसी के बीच रास्ते में बुलाया गया, जहां आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया.

पुलिस ने कॉल्स ट्रेस कर आरोपियों का किया पीछा

वहीं साथ गया दूसरा युवक सुनील किसी तरह वहां से निकलकर गांव पहुंचा और ग्रामीणों को जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद सुबह करीब आठ बजे पुलिस ने मामला दर्ज किया और तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए SI उज्ज्वल के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस और सीआईए टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की. इसी दौरान अपहरण कर्ताओं की ओर से फिरौती के लिए फोन आने लगे. पुलिस ने इन कॉल्स को ट्रेस करते हुए साइबर टीम की मदद से लोकेशन ट्रैक की. लोकेशन दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके की ओर रवाना हुई और आरोपियों का पीछा किया.

ये भी पढ़िए- Rajya Sabha की लिस्ट आते ही कांग्रेस में रार! हरियाणा में कई विधायक गोपाल कांडा के संपर्क में, हिमाचल में प्रतिभा नाराज!

चलती गाड़ी से आरोपियों ने युवक को नीचे फेंका

जब पुलिस साबी नदी के पुल के पास पहुंची तो आरोपियों ने पीछा होते देख चलती गाड़ी से अपहृत युवक विनोद को नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए. पुलिस टीम ने तुरंत युवक को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया. वहीं दूसरी सीआईए टीम आरोपियों की गाड़ी का पीछा कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. जांच अधिकारी एसआई उज्ज्वल के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले के पीछे महिला, उसका पति और उनके कुछ साथी शामिल हैं. प्रारंभिक जांच में इस मामले में हनीट्रैप का एंगल भी सामने आ रहा है. पुलिस ने मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही पूरे प्रकरण का विस्तृत खुलासा किया जाएगा.

ये भी पढ़िए- Gurgaon News: जेल से बाहर आया मोनू मानेसर तो गांव के लोगों ने किया भव्य स्वागत, जमकर चले पटाखे और हुई नारेबाजी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *