Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है. शिरूर तालुका के दहिवाड़ी गांव की मांजर बस्ती में छठी क्लास में पढ़ने वाले एक मासूम बच्चे साई मांजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. यह घटना हत्या है या कोई हादसा, इस पर अभी तक स्थिति साफ नहीं हो पाई है, लेकिन बच्चे के सिर पर मिले गहरे घाव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, साई मांजर रोज की तरह स्कूल से घर लौटा था. वह तलेगांव ढमढेरे स्थित अपने स्कूल में पढ़ता था. घर आने के बाद उसने कपड़े बदले और खेलने के लिए बाहर निकल गया. लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान उसका शव गांव के पास एक खेत में मिला, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया.
पुलिस ने हत्या की आशंका जताई
साई का शव जिस हालत में मिला, उसने पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है. उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
ग्रामीणों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच प्रक्रिया शुरू की गई. पंचनामा किया जा रहा है और फॉरेंसिक जांच के जरिए सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. इस बीच वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है, जिससे यह संकेत मिलता है कि हर संभावित कारण की जांच की जा रही है.
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जब तक मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं होता और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव को वहां से हटाने नहीं देंगे. ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और वे किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे. फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस गुत्थी को सुलझाना है क्या यह एक सोची-समझी हत्या है या फिर कोई दुर्भाग्यपूर्ण हादसा.