Ludhiana ICICI ATM Robbery: लुधियाना के जालंधर बाईपास रोड पर एल्डिको (Eldeco) के बाहर स्थित ICICI बैंक के ATM को बीती रात लुटेरों ने निशाना बनाया है. बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में गैस कटर की मदद से ATM मशीन को काटकर करीब 7 लाख रुपये की नकदी से भरी चार ट्रे लेकर भाग गए. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार यह वारदात रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच हुई. लुटेरे पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके पास गैस कटर समेत कई आधुनिक औजार मौजूद थे. ATM का शटर सुरक्षा कारणों से रात को बंद रहता है, लेकिन लुटेरों ने गैस कटर से शटर को काटकर अंदर दाखिल हुआ.
गैस कटर से काटा ATM
ATM के अंदर पहुंचने के बाद लुटेरों ने मशीन को गैस कटर से काट दिया और सीधे कैश बॉक्स को निशाना बनाया. इसके बाद उन्होंने नकदी से भारी चार ट्रे निकाल लीं, जिनमें करीब 7 लाख रुपये होने का अनुमान लगाया जा रहा है. पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
सुबह जब स्थानीय लोग और ATM से जुड़े कर्मचारी वहां पहुंचे तो उन्हें चोरी की घटना का पता चला. अनिल कुमार ने बताया कि सुबह मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि ATM का शटर कटा हुआ और अंदर मशीन से छेड़छाड़ की गई थी. उन्होंने कहा कि ATM रात को बंद रहता है, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस सीसीटीवी की कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही लुधियाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने पूरे इलाके का मुआयना किया और सबूत जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया.
फिलहाल पुलिस ATM और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में दो से तीन लोगों के शामिल होने की आशंका है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.