Skip to content

Lucknow News: शादी समारोह में बवाल, पार्षद पर मेहमानों से मारपीट और फायरिंग का आरोप, कई हिरासत में

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोतवाली क्षेत्र स्थित बीएसए रोड में सिया वाटिका में गुरूवार एक शादी समारोह में जमकर बवाल हो गया. जिसमें दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग के बाद अफरा-तफरी मच गयी. आरोप लगाया जा रहा है कि स्थानीय पार्षद तिलक वीर चौधरी और उनके समर्थकों ने मेहमानों के साथ मारपीट की और जमकर कुर्सियां चलाई. शराब पीने के बाद हंगामा बढ़ा.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली, कई लोगों को हिरासत में लिया गया. इसके बाद शादी का हाल खाली कराकर विवाह की रस्में पूरी करवाई गयीं. अधिकारियों के मुताबिक घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी.

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, गोपाल नगर नगला चन्द्रभान निवासी प्रमोद कुमार की बेटी की शादी का आयोजन राम सिया वाटिका में चल रहा था. यहां बारात राजस्थान के डीग जिले से आई थी. तक़रीबन रात 12 बजे शराब के नशे में पार्षद तिलक वीर चौधरी का किसी मेहमान से छोटा-मोटा विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही दोनों पक्षों के बीच जोरदार मारपीट में बदल गया. लात-घूंसे और कुर्सियां चलने से कई लोग घायल हो गए. इस दौरान शादी हाल में पूरी तरह अफरा-तफरी मच गयी.

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना पर एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह फ़ोर्स के साथ खुद मौके पर पहुंचे. और स्थिति कंट्रोल की. मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेजा गया. जबकि शादी हाल खालीकर रस्में पूरी कराई गयीं. पुलिस ने पार्षद के रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होगी.

यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, यही नहीं पूरी घटना में मारपीट और हंगामे का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल है. स्थानीय लोगों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *