Skip to content

LPG Crisis: मुंबई में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, छापेमारी में LPG के 172 सिलेंडर जब्त

मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच देशभर में गैस सिलेंडर की किल्लत का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है. मुंबई के वरली इलाके में शिधा वितरण विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है. वरली नाका के गणपतराव कदम मार्ग स्थित सूरज वल्लभदास चॉल में छापेमारी कर बड़ी संख्या में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं.

 इनपुट मिला, टीम ने मारा छापा – 172 सिलेंडर जब्त

अधिकारियों को सूचना मिली थी कि सूरज वल्लभदास चॉल इलाके में कुछ लोग गैस सिलेंडर जमा करके उन्हें अधिक दामों पर बेच रहे हैं. इसी इनपुट पर टीम ने मौके पर छापा मारा. छापेमारी में HP गैस के 5 किलो के 6 भरे हुए और 58 खाली सिलेंडर मिले. इसके अलावा सुपर गैस के 4 किलो के 64 भरे हुए और 12 किलो के 19 भरे हुए सिलेंडर भी जब्त किए गए. अलग-अलग आकार के 25 और खाली सिलेंडर भी बरामद हुए. कुल मिलाकर 172 सिलेंडर जब्त किए गए हैं.

 अवैध तरीके से भरकर काला बाजार में बेचने की थी तैयारी

अधिकारियों के मुताबिक इन सिलेंडरों को अवैध तरीके से भरकर कालाबाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी. देशभर में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच इस तरह की जमाखोरी आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ा देती है. जब्त किए गए सभी सिलेंडर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिए गए हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

 रिहायशी इलाके में जमाखोरी से जान का खतरा

प्रशासन ने कहा कि रिहायशी इलाके में इस तरह बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर जमा करना बेहद खतरनाक है. किसी भी लापरवाही की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है और आसपास के लोगों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है. प्रशासन ने साफ कहा है कि गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *