दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बाहरी दिल्ली के मुण्डका इलाके में एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण और काले बाजार से जुड़े एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए. कार्रवाई के दौरान कुल 610 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए, जिन्हें नियमों के खिलाफ जमा करके रखा गया था.
जांच में सामने आया कि इन सिलेंडरों को अवैध तरीके से जमा कर अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी की जा रही थी. पुलिस ने मौके से जरूरी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
पुलिस ने 610 सिलेंडर मौके से किए बरामद
जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि गोदाम में अलग-अलग कंपनियों के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर एक साथ रखे हुए थे. बरामद सिलेंडरों में इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस के सिलेंडर शामिल हैं. जांच में सामने आया कि गुरुजी इंडेन गैस सर्विस को सिर्फ इंडेन कंपनी के कमर्शियल सिलेंडर रखने और बेचने की इजाजत है लेकिन गोदाम में दूसरी कंपनियों के सिलेंडर भी रखे गए थे, जो नियमों का साफ उल्लंघन है. पुलिस ने मौके से 610 सिलेंडर बरामद किए, जिनमें 197 भरे हुए और 392 खाली सिलेंडर शामिल हैं, जबकि 21 छोटे आकार के सिलेंडर भी मिले. शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि स्टॉक रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी है.
ये भी पढ़िए- Delhi News: दिल्ली कैबिनेट का फैसला, 23 मार्च से शुरू होगा बजट सत्र, 24 को पेश होगा बजट
पुलिस ने मामले की शुरू की जांच
इंडियन ऑयल के अधिकारियों के अनुसार, 10 मार्च 2025 तक इस डिस्ट्रीब्यूटर के पास इंडेन के कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक शून्य होना चाहिए था. लेकिन गोदाम में 133 भरे हुए सिलेंडर मिले. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़िए- दिल्ली से बिहार तक दौड़ेंगी DTC की इलेक्ट्रिक AC बसें, 17 इंटर-स्टेट रूट पर शुरू होगी नई सेवा