Skip to content

Kashmir News: शोपियां में पुलिस ने नकली नोटों का बड़ा रैकेट पकड़ा, हजारों के जाली नोट बरामद, 3 गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित शोपियां ज़िले में पुलिस ने नकली नोटों के सर्कुलेशन से जुड़े एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में 79 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं. 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

दुकानदार की शिकायत से खुला मामला

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शोपियां पुलिस स्टेशन को एक स्थानीय दुकानदार की ओर से शिकायत मिली थी. दुकानदार ने बताया कि एक व्यक्ति उसकी दुकान पर सामान खरीदने आया था और भुगतान के लिए नकली नोट दे गया. जब दुकानदार को नोटों पर शक हुआ तो उसने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी.

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की. पुलिस स्टेशन शोपियां में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 33/2026 दर्ज की गई और जांच टीम बनाई गई.

जांच में सामने आया पूरा नेटवर्क

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान आरोपियों और उनके साथियों के कब्जे से 79 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सैयद वानी, मोहम्मद मकबूल नाइकू और पीरज़ादा अल्ताफ़ के रूप में हुई है. ये तीनों शोपियां जिले के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं.

सरकारी कर्मचारी भी गिरफ्तार

इस मामले में एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि गिरफ्तार आरोपियों में पीरज़ादा अल्ताफ नाम का व्यक्ति सरकारी कर्मचारी है. वह शोपियां जिले के ज़ैनापोरा इलाके में ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) के पद पर तैनात है. पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

आगे की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली नोट कहां से आए और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि पैसे का लेन-देन करते समय सावधानी बरतें. अगर किसी को नकली नोट या किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *