राजस्थान के जोधपुर से मारपीट और लूट एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जोधपुर के सांगरिया क्षेत्र में देर रात एक स्टील कारोबारी पर धारदार हथियारों से हमला कर नकदी और मोबाइल लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घायल कारोबारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मारपीट और लूट की घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला लाइव वीडियो भी सामने आया है.
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
शंकर नगर सांगरिया निवासी परिवादी अशोक पुत्र भागीरथ विश्नोई ने बताया कि वह रमेश पटेल पुत्र ईमाराम (निवासी रानीवाड़ा, जालौर) और कमलेश कुमार के साथ साझेदारी में स्टील बर्तन बनाने का काम करते हैं. घटना 13 मार्च रात करीब 10:30 बजे की है. रमेश पटेल अपनी मोटरसाइकिल से रीको इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 सांगरिया से घर की ओर लौट रहे थे. इस दौरान मिश्रा मेटल के पास पहुंचते ही अब्दुल कादिर और मोहम्मद फैजान रजा ने उसका रास्ता रोक लिया.
धारदार हथियारों से हमला कर लूटा
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने पहले भी एडवांस पैसे की मांग को लेकर धमकी दी थी. इसी बात को लेकर उन्होंने रमेश पटेल पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट की. हमले में रमेश पटेल के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद आरोपी युवकों ने उसकी जेब से करीब 80 हजार रुपए नकद, पर्स जिसमें आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज और सैमसंग मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलने पर साथी कमलेश कुमार मौके पर पहुंचे और घायल रमेश पटेल को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया. पहले उनका प्राथमिक उपचार करवाकर एमएलसी कराई गई, बाद में उन्हें मंडी मोड़ स्थित सरस्वती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. परिवादी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.