टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में रविवार (8 मार्च) को भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर शानदार जीत दर्ज की. इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए जोधपुर में खास इंतजाम किए गए थे, कई चौराहों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर क्रिकेट प्रेमियों को मैच दिखाया गया.
इस दौरान बड़े पर्दे पर मैच देख रहे दर्शकों ने भारत की जीत का जश्न मनाया. साथ ही भारत के जीतने के बाद विदेशी पर्यटकों ने भी जमकर सेलिब्रेट किया है. टीम द्वारा शानदार जीत दर्ज करने के बाद हर किसी में खुशी का माहौल दिखाई दिया.
दर्शकों में दिखा उत्साह
मैच के दौरान शहर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. जैसे-जैसे भारत जीत की ओर बढ़ता गया, वैसे-वैसे दर्शकों का जोश भी बढ़ता गया. जोधपुर के पर्यटन स्थलों और भीतरी शहर में कैफे के चौक में मौजूद विदेशी सैलानियों ने भी भारतीय प्रशंसकों के साथ मैच का लुफ्त उठाया और भारतीय टीम की शानदार जीत पर तालियां बजाईं.
भारत की जीत होते ही पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया
क्रिकेट प्रेमियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जोरदार नारे लगाए. कई जगह युवाओं ने तिरंगा लहराकर और आतिशबाजी कर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया. सूर्यकुमार यादव की टीम ने भारतीय क्रिकेट का एक और स्वर्णिम अध्याय लिखते हुए रविवार को न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत को तीसरी बार टी20 विश्व कप दिलाया.
जिसमें संजू सैमसन की भूमिका अहम रही तो जसप्रीत बुमराह के योगदान को भी याद रखा जाएगा. भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली पुरूष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनी.
पुराने जख्मों पर लगा मरहम
इसके साथ ही तीन साल पहले इसी मैदान पर आस्ट्रेलिया से वनडे विश्व कप फाइनल हारने वाली रोहित शर्मा की टीम के पुराने जख्मों पर भी मरहम लग गया होगा. भारतीय क्रिकेट में 2007 में पहले टी20 विश्व कप में मिली खिताबी जीत अगर ऐतिहासिक थी तो इस जीत को भी 2023 के जख्मों पर मरहम के रूप में याद रखा जाएगा.
ये भी पढ़ें: Jaipur News: जयपुर में अनियंत्रित कार का कहर, डीजे पर नाच रहे 19 लोग घायल, जांच में जुटी पुलिस