Skip to content

Jammu News: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती का ईरान को लेकर बड़ा दावा, जानें क्या कहा?

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने ईरान-इजरायल युद्ध के बीच बड़ा दावा कर दिया है. उन्होंने जम्मू में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि इस जंग में ईरान ही जीतेगा. महबूबा मुफ्ती लगातार ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को लेकर हमलावर रही हैं.

उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधा है. उमर अब्दुल्ला ने युद्ध के एक महीना बीत जाने के बाद निंदा की है. इस पर महबूबा मुफ्ती ने उमर अब्दु्ल्ला को घेर लिया है.उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री को ईरान पर इजरायल के हमले की स्पष्ट शब्दों में निंदा करने में पूरा एक महीना लग गया.

महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर दी तीखी प्रतिक्रिया

महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, कितना निराशाजनक है कि हमारे मुख्यमंत्री, जो भारत के एकमात्र मुस्लिम बहुल राज्य के इकलौते मुस्लिम मुख्यमंत्री हैं, को इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करने में पूरे एक महीने का समय लग गया. 

उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा में किया आह्वान

शुक्रवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में ईरान संघर्ष पर बात करते हुए शांति और तत्काल कूटनीतिक हस्तक्षेप का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि ईरान पर एक नाजायज और गैर-कानूनी युद्ध थोपा गया. मुझे नहीं लगता कि कोई इसके हक में बोलेगा.

गौरतलब है कि इजरायली हमलों में ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद जम्मू-कश्मीर में लगातार विरोध प्रदर्शन किया गया. श्रीनगर समेत कश्मीर के कई हिस्सों में इजरायल के हमलों की निंदा करते हुए विरोध जताया गया. इस दौरान कई जगहों पर हिंसक रूप भी देखने को मिला. 

विधानसभा में पीडीपी विधायकों ने चर्चा का किया आह्वान

पीडीपी विधायक आगा सैयद मुंतजिर मेहदी, वहीदउर रहमान पारा, रफीक अहमद नाइक और मीर मोहम्मद फयाज ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में ईरान पर प्रस्ताव पारित करने की मांग की और एकजुटता व्यक्त की. उन्होंने सदन में ईरान से संबंधित घटनाक्रम पर चर्चा का आह्वान किया.

ये भी पढ़ें: कश्मीरी अलगाववादी नेता शब्बीर शाह को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राहत, पटियाला हाउस कोर्ट से मिली जमानत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *