राजस्थान के जालोर जिले के सरवाना थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दामाद ने अपनी सास की नाक काट दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा में भर्ती करवाया गया है. वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार केआर बंधाकुआ निवासी बाबूलाल ने सरवाना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है. रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी बेटी सरिता की शादी करीब चार वर्ष पूर्व आरवा निवासी सोहनलाल विश्नोई के साथ हुई थी. वर्तमान में सरिता जोधपुर में रहकर पढ़ाई कर रही है और पिछले तीन दिनों से उसका फोन बंद आ रहा था. इसी संबंध में शिकायत दर्ज करवाने के लिए बाबूलाल अपनी पत्नी केली देवी के साथ सरवाना थाने जा रहे थे.
दामाद ने जबरन गाड़ी से उतारकर सास के साथ की मारपीट
रिपोर्ट के अनुसार जब वे सरवाना क्षेत्र में बालेरा माइनर के पास पहुंचे, तभी एक कार ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया. कार में सवार दामाद सोहनलाल सहित अन्य लोगों ने जबरन केली देवी को गाड़ी से नीचे उतारकर मारपीट की. इसी दौरान सोहनलाल ने कैंची से अपनी सास केली देवी की नाक काट दी और नाक में पहना सोने का आभूषण लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा में भर्ती करवाया गया है.
दामाद सहित 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि सरिता काफी समय से ससुराल नहीं आ रही थी. वहीं हाल ही में उसकी दूसरी जगह शादी करने की सूचना ससुराल पक्ष को मिली थी. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दामाद ने इस वारदात को अंजाम दे दिया. सरवाना थाना पुलिस ने दामाद सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.