Skip to content

Jaipur News: जयपुर में अनियंत्रित कार का कहर, डीजे पर नाच रहे 19 लोग घायल, जांच में जुटी पुलिस

जयपुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां डीजे पर नाच रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. इस हादसे में कम से कम 19 लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घायलों को बचाने में जुट गए.

पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार (7 मार्च) देर रात जयपुर के बस्सी इलाके में दामोदरपुरा एनटीपीसी के पास स्थित मालियों की ढाणी में हुआ. उस समय इलाके में एक पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था. लोग डीजे पर नाचते-गाते हुए ‘मायरा’ लेकर आगे बढ़ रहे थे और माहौल काफी खुशियों भरा था. इसी दौरान अचानक एक अनियंत्रित कार भीड़ में घुस गई और कई लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई.

कार की टक्कर से कई लोग गंभीर रूप से घायल

जानकारी के अनुसार, कार की टक्कर से वहां मौजूद लोग सड़क पर गिर पड़े और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई. घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से तुरंत बस्सी के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से कुछ की हालत गंभीर थी. इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया. वहीं कई घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई. पुलिस ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए लोगों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं.

ये भी पढ़िए- Jaipur News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बसों में मुफ्त यात्रा करेंगी महिलाएं, CM भजनलाल शर्मा का ऐलान

पीड़ित लोगों की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार चालक ने नियंत्रण कैसे खो दिया और हादसे के पीछे क्या वजह रही. फिलहाल पुलिस ने कार और चालक के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.

ये भी पढ़िए- Jalore News: गाड़ी रुकवाकर दामाद ने काटी सास की नाक, लेकर भागा, पत्नी की दूसरी शादी से था नाराज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *