जयपुर में शनिवार को अज्ञात लोगों ने जमीन-जायदाद के एक कारोबारी (प्रॉपर्टी डीलर) पर गोलियां चला दीं लेकिन वह बाल-बाल बच गया. पुलिस के अनुसार यह घटना बिंदायका थानाक्षेत्र में हाथोज फाटक के पास हुई. अब शहर में हुई इस गैंगवार का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.
इस फुटेज में कारोबारी अपनी कार से हमलावर को कुचलने की कोशिश करता हुआ दिखाई दे रहा है. बता दें कि हिस्ट्रीशीटर कारोबारी कमल मीणा पर तीन लग्जरियस गाड़ियों में सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी. फायरिंग में चलाई गई गोली कमल मीणा की फॉर्च्यूनर कार के बोनट से टकराकर फ्रंट कांच में जा फंसी.
बाल-बाल बची कारोबारी की जान
फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर कारोबारी की जान बाल-बाल बची है. इसके बाद हिस्ट्रीशीटर कारोबारी ने फायरिंग करने वाले आरोपी युवक को अपनी फॉर्च्यूनर से कुचलने की कोशिश की. फायरिंग करने का आरोपी सड़क पर इधर-उधर जान बचाने के लिए भागता हुआ दिखाई दे रहा है.
फुटेज में उसे फॉर्च्यूनर कार से कुचलने की कोशिश की जा रही है. वह कभी आगे तो कभी पीछे और कभी दाएं बाएं भागने की कोशिश करता है. इस बीच आरोपियों की कार मौका देखकर वहां पहुंचती है. फायरिंग के आरोपी युवक को जल्दी से कार में बिठाती है. हालांकि सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखता है कि हमलावर को बिठाने वाली कर का भी फॉर्च्यूनर से पीछा किया जाता है.
जयपुर पुलिस ने मामले में क्या बताया?
पुलिस के मुताबिक सिरसी गांव का कमल मीणा (38) अपनी एसयूवी ‘फॉर्च्यूनर’ कार से से मंदिर जा रहे थे, तभी तीन गाड़ियों से आए दर्जन भर लोगों ने एक निजी स्कूल के पास उनके वाहन को घेर लिया. पुलिस का कहना है कि हमलावरों में से एक ने मीणा पर गोली चला दी, गोली कार पर लगी.
पुलिस ने बताया कि इस घटना के दौरान मीणा ने अपनी गाड़ी से हमलावरों के वाहन को टक्कर मार दी और पैदल भागने की कोशिश कर रहे एक हमलावर का पीछा भी किया. हालांकि, हमलावर अपनी गाड़ियों में बैठकर भाग निकलने में कामयाब रहे.
पुलिस के अनुसार हमलावरों की पहचान करने के लिए आस-पास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई. पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना किसी पुरानी रंजिश का नतीजा जान पड़ती है और मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: LPG Crisis: जैसलमेर में सिलेंडर सप्लाई में बड़ा फर्जीवाड़ा! छापेमारी के बाद गैस एजेंसी का गोदाम सीज