हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के आर्थिक और राजनीतिक हालातों पर विस्तार से चर्चा की. दिल्ली से लौटने के बाद जयराम ठाकुर ने प्रेस से बातचीत में बताया कि प्रदेश इस समय गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है और इस मुद्दे को उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने रखा. उन्होंने केंद्र सरकार से सहयोग का भी आग्रह किया, ताकि प्रदेश की वित्तीय स्थिति को सुधारा जा सके.
प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब- जयराम ठाकुर
इस दौरान जयराम ठाकुर ने राज्य की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. उन्होंने कहा कि विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और वित्तीय प्रबंधन में कमी साफ नजर आ रही है.
दिल्ली जाकर केंद्र से फंड रुकवाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि मुख्यमंत्री सुक्खू प्रधानमंत्री से मिलने के लिए समय मांगेंगे तो उन्हें भी अवसर मिलेगा. उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का जिक्र किया और आरोप लगाया कि वे हिमाचल आने पर आम लोगों और कार्यकर्ताओं से दूरी बनाए रखते हैं.
ड्रेस कोड लागू करने के फैसले पर भी उठाए सवाल
जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार द्वारा ड्रेस कोड लागू करने के फैसले पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि खुद किस तरह के कपड़े पहनकर राहुल गांधी संसद में जाते हैं और कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली AI समिट में दुनिया भर के प्रतिनिधियों के सामने नंगे होते हैं. इसके अलावा जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के सह प्रभारियों को स्टेट गेस्ट के रूप में एक महीने से भी शिमला ठहराने पर सवाल खड़े किए.