Haryana News: हरियाणा के झज्जर के गांव बरानी में होली के दिन एक 8 साल के बच्चे को अगवा करने का मामला सामने आया था. बदमाशों ने परिवार से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी. अपहरण की सूचना मिलने पर कई पुलिस टीमें एक्शन में आईं और देर शाम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया गया.
जानकारी के मुताबिक झज्जर जिले के बरानी गांव में बीडीएम नर्सिंग कॉलेज के संचालक अमरजीत फोगाट का बेटा हुनरजीत मुख्य चौक के पास अन्य बच्चों के साथ होली खेल रहा था. परिवार का आरोप है कि सुबह 11 बजे के करीब एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में अगवा कर लिया. इस घटना से गांव में दहशत फैल गई.
पुलिस सीसीटीवी की कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही झज्जर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की नाकाबंदी कर दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा करनी शुरू कर दी और संदिग्ध वाहन की पहचान करने के लिए एक विशेष टीम बनाई. इस दौरान गांव की गलियों से गुजरती एक सफेद स्कॉर्पियो की वीडियो भी सामने आई, जिसके कारण पुलिस ने गाड़ी की तलाश तेज कर दी.
बच्चे को सुरक्षित बरामद किया गया
लगातार तलाश के बाद देर शाम को रोहतक इलाके से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. इस समय कोई फिरौती या अन्य कॉलों की रिपोर्ट नहीं की गई है. पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के उद्देश्य की जांच कर रही है. झज्जर के डीसीपी अमित दहिया ने कहा कि बच्चे को सुरक्षित बचाकर उसके परिवार को सौंप दिया गया है.
यह भी पढ़ें –