Skip to content

Hapur News: हापुड़ हाईवे पर खौफनाक हादसा, हवा में पलटती कार ढाबे में घुसी, दिल्ली की महिला की मौत

उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. नेशनल हाईवे-9 पर रविवार (22 मार्च) दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ऐसा हादसे का शिकार हुई कि उसमें सवार दिल्ली की एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरी घटना पास के ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं.

डिवाइडर से टकराई, फिर हवा में पलटी कार

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के द्वारका की रहने वाली 37 वर्षीय निधि कमाल अपनी कार से अल्मोड़ा जा रही थीं. जैसे ही उनकी कार हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कुचेसर रोड चौपला के पास पहुंची, तभी अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया.

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई, जिससे उसका टायर फट गया. इसके बाद कार कई बार हवा में पलटी खाते हुए सड़क किनारे बने ‘सूर्य शिवा ढाबे’ में जा घुसी.

ढाबे पर खड़ी गाड़ियों को मारी टक्कर

बेकाबू कार ने ढाबे के बाहर खड़ी दो गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और निधि कमाल उसमें बुरी तरह फंस गईं. हादसे के वक्त ढाबे पर मौजूद लोग भी सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

मौके पर मौत, पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. महिला को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.

इस पूरे हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. यह हादसा साफ तौर पर बताता है कि जरा सी लापरवाही या तेज गति किस तरह जानलेवा साबित हो सकती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *