हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम में एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठी है. बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे पॉश इलाकों और बड़े बिजनेस सेंटरों को निशाना बनाने से भी नहीं कतरा रहे हैं. ताजा मामला गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक का है, जहां शनिवार देर रात एक नामी लग्जरी कार शोरूम को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. इस हमले में एक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुआ है. पुलिस अब सीसीटीवी के जरिए हमलावरों की तलाश में जुटी है.
घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत फ़ैल गयी है. स्थानीय लोगों ने इस मामले में पुलिस से नाराजगी भी जाहिर की है, जबकि मौके पर पहुंचे आधिकारियों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है.
क्या है पूरा मामला ?
जानकरी के मुताबिक, घटना शनिवार रात की है जब हीरो होंडा चौक स्थित मशहूर BBT (Big Boy Toyz) शोरूम के बाहर अचानक बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों का मुख्य निशाना शोरूम में खड़ी गाड़ियां थीं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने बिना किसी डर के कई राउंड फायरिंग की. इस हमले के दौरान शोरूम के बाहर खड़ी एक रीयल एस्टेट कंपनी के मालिक की लग्जरी कार को भी निशाना बनाया गया. बदकिस्मती से, जिस समय फायरिंग हुई, उस समय गाड़ी के अंदर ड्राइवर मौजूद था. गोलियों के छर्रे लगने से ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.कि
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीमें और फोरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में पुलिस को घटना स्थल से गोलियों के खोखे बरामद हुए हैं. जांच अधिकारी दिनेश ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल हमें मौके से कोई फिरौती की चिट्ठी या धमकी भरा नोट बरामद नहीं हुआ है. सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध बदमाश एक बाइक पर सवार होकर शोरूम की तरफ आते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
व्यापारियों में बढ़ी दहशत
इस घटना के बाद गुरुग्राम के व्यापारियों और शोरूम मालिकों में दहशत का माहौल है. शोरूम मालिक की शिकायत पर गुरुग्राम के सेक्टर-37 थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह हमला किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे किसी गैंग का हाथ है, जो शहर में दोबारा अपना वर्चस्व कायम करना चाहता है.