Surat Gangrape Case: गुजरात के सूरत के कापोदरा इलाके से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां प्रेम विवाह करने वाले एक रत्नकलाकार पति ने अपनी पत्नी के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी. घर में शराब पीने के बाद नशे में धुत पति ने अपनी 25 साल की पत्नी को अपने तीन दोस्तों के हवाले कर दिया. पति और उसके तीन दोस्तों ने मिलकर विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया और धमकी दी कि अगर किसी को इस घटना के बारे में बताया तो वह उसकी लाश भी गायब कर देंगे.
आखिरकार तंग होकर पीड़िता ने कापोदरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पति और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल एक आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है.
पति की आंखों के सामने ही दोस्तों ने नोंच डाला
पुलिस शिकायत के अनुसार, पीड़िता अमरेली के बगासरा की रहने वाली है और उसने प्रेम विवाह के जरिए सूरत के कापोदरा इलाके में युवक के साथ शादी की थी. दोनों लक्ष्मण नगर सोसाइटी के पास किराए के मकान में रहते थे. पति हीरा घिसने का काम करता था और उसके तीन दोस्त—अजय, जगो और चिराग—अक्सर उनके घर आते थे.
मई 2025 में एक रात, पति ने शराब की महफिल जमाई और दोस्तों को घर बुलाया. नशे में धुत पति और उसके दोस्तों ने विवाहिता के साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी. आरोप के मुताबिक, इन दरिंदों ने जबरदस्ती विवाहिता के कपड़े उतार दिए थे और पति की मौजूदगी में ही उसके तीनों दोस्तों ने बारी-बारी से विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया. हद तो तब हो गई जब खुद पति भी इस पाप में शामिल हो गया था. इसके बाद आरोपियों ने धमकी दी कि “अगर किसी के भी सामने मुंह खोला तो तेरी लाश भी नहीं मिलेगी.”
तंग आकर पत्नी ने घर छोड़ा और पुलिस की शरण ली
इस घटना के बाद भी विवाहिता समाज के डर और भय के मारे चुपचाप सारा अत्याचार सहती रही. लेकिन पति की हैवानियत यहीं नहीं रुकी, वह बार-बार पत्नी पर उसके दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा था.
अंत में इस अत्याचार से तंग आकर पीड़िता ने घर छोड़कर कापोदरा पुलिस से मदद मांगी. पुलिस ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अलग-अलग टीमें बनाईं और पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 1 फरार आरोपी की तलाश जारी है. फिलहाल पीड़िता की मेडिकल जांच और सबूत इकट्ठा करने की कार्रवाई जारी है. पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी कानूनी कदम उठाए जाएंगे.