Skip to content

Greater Noida News: बंद घरों में चोरी करने वाली गैंग का खुलासा, 10 लाख रुपये से ज्यादा के जेवर बरामद

ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 थाना पुलिस ने बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब साढ़े 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और एक वैगनर गाड़ी बरामद की है. DCP ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर इस पूरे मामले का खुलासा किया.

 28 फरवरी को सेक्टर 36 में दिया था चोरी को अंजाम

DCP परवीन रंजन सिंह ने बताया कि 28 फरवरी को बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर 36 में एक बंद घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हुए थे. जांच में गिरोह की पहचान हुई और नट मड़ैया गोल चक्कर से दो आरोपियों अवधेश निवासी हाथरस (उत्तर प्रदेश) और बलराज निवासी कैथल (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया. गिरोह का तीसरा सदस्य बंटी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है.

 कोर्ट की तारीखों पर बनाते थे चोरी की योजना, अखबार देखकर चुनते थे घर

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था. आरोपी कोर्ट में तारीख पर आने के बहाने मिलते थे और वहीं बैठकर अगली चोरी की योजना बनाते थे. रेकी के दौरान वे उन घरों पर नजर रखते थे जिनके बाहर कई दिनों से अखबार या पंपलेट पड़े होते थे. ऐसे घरों को बंद समझकर रात के वक्त ताला तोड़कर घुसते थे और वारदात को अंजाम देते थे.

 हार, अंगूठी, पायल, लैपटॉप सहित भारी माल बरामद

आरोपियों के कब्जे से सोने का गले का हार, 4 अंगूठी, तीन कान के टॉप्स, कुंडल, बिछिया, चैन, पैरों की पायल और एक लैपटॉप बरामद हुआ है. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल वैगनर गाड़ी भी जब्त की गई है. पुलिस के अनुसार यह लोग चोरी के जेवरात कैथल ले जाकर बेच दिया करते थे. दोनों आरोपियों के खिलाफ कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं और पुलिस अन्य राज्यों में भी इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *